Top Morning News: एम्स में 24 घंटे की सर्जरी के बाद जुड़वां बच्चों को अलग किया गया, पढ़ें अब तक की बड़ी खबरें

By गुणातीत ओझा | Published: May 24, 2020 06:58 AM2020-05-24T06:58:15+5:302020-05-24T06:58:15+5:30

24th may top 10 news till 6 am | Top Morning News: एम्स में 24 घंटे की सर्जरी के बाद जुड़वां बच्चों को अलग किया गया, पढ़ें अब तक की बड़ी खबरें

पढ़ें सुबह 6 बजे तक की बड़ी खबरें।

एम्स में 24 घंटे की सर्जरी के बाद जुड़वां बच्चों को अलग किया गया

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के शरीर से जुड़े जुड़वां बच्चों को दिल्ली के एम्स में 24 घंटे चली सर्जरी के बाद शनिवार को सफलतापूर्वक अलग कर दिया गया। दोनों बच्चे कूल्हे और पीठ के नीचे के हिस्से से एक दूसरे से जुड़े थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सर्जरी शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे शुरू हुई और शनिवार को अपराह्न नौ बजे के बाद तक जारी रही। एम्स के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया ने सर्जरी की आवश्यकता को समझते हुए इसे तत्काल स्वीकृति प्रदान की। सर्जरी के दौरान कुल 64 स्वास्थ्य कर्मियों ने योगदान दिया।

चक्रवात के बाद ओडिशा को पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 500 करोड़ रुपये की अंतरिम सहायता राशि मिली

चक्रवात प्रभावित ओडिशा को शनिवार को केंद्र सरकार की तरफ से 500 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि पुनर्निर्माण कार्यों के लिए मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अंतरिम राहत की घोषणा के 24 घंटे के अंदर ही राज्य को यह राशि प्राप्त हो गई। ओडिशा के चक्रवात प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण करने और शुक्रवार को यहां समीक्षा बैठक करने के बाद मोदी ने राज्य के लिए 500 करोड़ रुपये की अग्रिम सहायता राशि की घोषणा की थी। विशेष राहत आयुक्त पी. के. जेना ने ट्वीट किया, ‘‘भुवनेश्वर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के 24 घंटे के अंदर गृह मंत्रालय ने 500 करोड़ रुपये जारी किए। हम इतनी तेजी से कोष जारी करने के लिए पीएमओ, नरेन्द्र मोदी ओर गृह मंत्रालय को धन्यवाद देते हैं।’’

श्रमिक विशेष रेलगाड़ियों में तीन यात्रियों की मौत

तीन अलग-अलग घटनाओं में श्रमिक विशेष रेलगाड़ियों में सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। कानपुर के जिलाधिकारी ब्रह्म देव राम तिवारी ने कहा, ‘‘ मृतकों के परिवार के मुताबिक वे गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। सभी मृतकों के यात्रा संबंधी जानकारी दर्ज कर ली गई है।’’ मृतकों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि नाइचिनाल्यू दिसांग (23) नगालैंड की रहने वाली थीं और हिमाचल प्रदेश में स्पा में काम करती थीं। वह दिल्ली से दीमापुर जा रही थीं। तिवारी के मुताबिक वह लिवर की बीमारी से ग्रस्त थीं और उनका शव सुबह दस बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचा। जिलाधिकारी ने बताया कि दूसरे मृतक उन्नाव के रहने वाले राजेंद्र प्रसाद (50) हैं जो आंध्र प्रदेश से लखनऊ जा रही विशेष रेलगाड़ी में सवार थे। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीसरी मृतक बिहार के सिवान की रहने वाली मुन्नी देवी (80) हैं जो सूरत से विशेष रेलगाड़ी से सिवान जा रही थीं।

प्रसाद ने पिता को साइकिल से 1200 किलोमीटर दूर ले जाने वाली लड़की की मदद के लिए रिजिजू से कहा

केंद्रीय कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने शनिवार को खेल मंत्री किरण रिजिजू से 15 वर्षीय ज्योति कुमारी पासवान को साइक्लिंग का प्रशिक्षण दिलाने में मदद का अनुरोध किया जो लॉकडाउन के दौरान अपने बीमार पिता को साइकिल पर बैठाकर हरियाणा के गुरुग्राम से 1,200 किलोमीटर दूर बिहार के दरभंगा ले कर गई थी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ बिहार की युवा लड़की की ताकत को देखा जो अपने पिता को साइकिल पर पीछे बैठकार गुरुग्राम से दरभंगा करीब एक हजार किलोमीटर दूर ले गई।’’ प्रसाद ने खेल मंत्री किरण रिजिजू से भी बात की और लड़की को प्रशिक्षण दिलाने में मदद करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, ‘‘ खेल मंत्री से भी बिहार की बहादुर लड़की - ज्योति कुमारी पासवान को प्रशिक्षण और छात्रवृत्ति मुहैया कराने के अनुरोध करता हूं ताकि अगर वह इच्छुक हो तो वह मशहूर साइक्लिस्ट बन सके।’’

कोविड-19 के मामलों में लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड वृद्धि, 137 और लोगों की जान गई

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के नये मामलों में शनिवार को लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड वृद्धि हुई। एक दिन में सबसे अधिक 6,654 नये मामले सामने आए जिसके साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1.25 लाख हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गत 24 घंटे में 137 और लोगों की मौत के साथ अब तक कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 3,720 तक पहुंच गई है। एक महत्वपूर्ण कदम के तहत सरकार ने दवा नियामक प्रणाली में सुधार की अनुशंसा के लिए विशेषज्ञों की उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है ताकि स्वीकृति प्रक्रियाओं को गति दी जा सके। कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे का सामना करते हुए, दवाओं की स्वीकृति प्रक्रिया को गति देने, अनुसंधान और टीका विकास जैसे कई कदम उठाए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि समिति का लक्ष्य इन कदमों की पहचान करना और इन्हें संस्थागत करना है। इस बीच, सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 11 शहरी क्षेत्रों में ही देश में सामने आए कोविड-19 के 70 प्रतिशत मरीज रहते हैं।

Web Title: 24th may top 10 news till 6 am

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे