इस साल 14 मिशन की योजना : इसरो अध्यक्ष
By भाषा | Published: February 28, 2021 07:30 PM2021-02-28T19:30:47+5:302021-02-28T19:30:47+5:30
श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश), 28 फरवरी भारतीय अंतरिक्ष अनुंसधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष के सिवन ने रविवार को यहां कहा कि इसरो ने 2021 के लिए 14 मिशन की योजना बनायी है जिनमें इस वर्ष के अंत में अंतरिक्ष एजेंसी का पहला मानवरहित मिशन शामिल है।
सिवन ब्राजील के अमेजोनिया-1 और 18 अन्य उपग्रहों के सफल प्रक्षेपण के बाद यहां मिशन कंट्रोल सेंटर में वैज्ञानिकों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से हमारे हाथ में कई मिशन हैं। हम इस साल 14 मिशन को अंजाम देने वाले हैं। सात प्रक्षेपण यान मिशन और छह उपग्रह मिशन, साथ ही वर्ष के अंत तक हमारा पहला मानवरहित मिशन। यह हमारा लक्ष्य है और वैज्ञानिक उस पर काम कर रहे हैं।’’
इसरो ने गगनयान-मानव अंतरिक्ष मिशन से पहले दो मानवरहित अंतरिक्ष मिशन की योजना बनाई है। गगनयान मिशन के तहत 2022 तक तीन भारतीयों को अंतरिक्ष में भेजने की परिकल्पना है। मिशन के लिए चुने गए चार टेस्ट पायलट अभी रूस में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
सिवन ने उम्मीद जताई कि उनकी टीम हमेशा की तरह इस अवसर पर भी खरी उतरेगी और इसरो द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों को पूरा करेगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।