खेल रत्न से बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी: रानी रामपाल
By भाषा | Published: August 22, 2020 10:16 AM2020-08-22T10:16:55+5:302020-08-22T10:18:19+5:30
Rani Rampal: भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल ने कहा है कि खेल रत्न मिलने से उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी और ये उनके और उनके परिवार के लिए गौरवशाली क्षण है
नई दिल्ली: भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी ने शुक्रवार को कहा कि देश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार खेल रत्न मिलने से उन्हें देश के लिये अधिक उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।
खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को क्रिकेटर रोहित शर्मा, पहलवान विनेश फोगाट, पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगवेलु और टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा के साथ रानी को खेल रत्न देने का फैसला किया।
खेल रत्न से मिलेगी आगे बढ़ने की प्रेरणा: रानी रामपाल
हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में रानी ने कहा, ‘‘यह मेरे लिये और विशेषकर मेरे परिवार के लिये गौरवशाली क्षण है। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार खिलाड़ियों के लिये सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार है तथा मैं अपने कोचों, साथियों, दोस्तों और परिजनों का शुरू से लेकर अब तक सहयोग बनाये रखने के लिये आभार व्यक्त करती हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब आपकी कड़ी मेहनत को पहचान और सम्मान मिलता है तो वह शानदार अहसास होता है। मेरा मानना है कि इस पुरस्कार मुझे और मेरे जैसे खिलाड़ियों को अधिक उपलब्धियां हासिल करने और देश का गौरव बढ़ाने के लिये प्रेरणा मिलेगी।’’
25 वर्षीय रानी रामपाल ने भारतीय टीम को टोक्यो ओलंपिक में जगह सुरक्षित करने में मदद की थी, इसके अलावा जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों के फाइनल में भी टीम का नेतृत्व किया था, जहां वह जापान से 1-2 से हार गई थी।
मंत्रालय ने साथ ही अजीत सिंह को ध्यानचंद पुरस्कार, रोमेश पठानिया को द्रोणाचार्य पुरस्कार (जीवन पर्यन्त की उपलब्धि), जूड फेलिक्स को द्रोणाचार्य पुरस्कार और आकाशदीप सिंह और दीपिका को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।