World Milk Day: 8 चीजों को खाने से पहले और बाद में न पियें दूध, शरीर बन सकता है बीमारियों का घर
By उस्मान | Published: June 1, 2021 08:51 AM2021-06-01T08:51:19+5:302021-06-01T08:51:19+5:30
दूध के सिर्फ फायदे ही नहीं नुकसान भी हैं, इन बातों का रखें विशेष ध्यान
हर साल 1 जून को वर्ल्ड मिल्क डे (World Milk Day) मनाया जाता है। इस दिवस को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) द्वारा मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वैश्विक खाद्य के रूप में दूध उत्पादों के महत्व को उजागर करना है।
दूध प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन ए और डी, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और पोटेशियम जैसे पोषक तत्वों का भंडार है। दूध से आपको हड्डियों और शरीर के विकास के साथ कई रोगों से बचने में मदद मिलती है।
दूध के भरपूर फायदे पाने के लिए इसे सही समय पर पीना जरूरी है। ठंडा और गर्म दोनों रूपों में दूध के अलग-अलग फायदे हैं। दूध में हल्दी, इलायची, शहद जैसी कुछ चीजों के साथ दूध पीने से अधिक फायदे मिलते हैं।
आपको जानकार हैरानी होगी कि दूध के सिर्फ फायदे ही नहीं, नुकसान भी हैं। इसके नुकसान तब हैं, जब आप इसे गलत समय और गलत खाद्य पदार्थों के साथ पीते हैं। कुछ चीजों के साथ या बाद में दूध पीने से आपको कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। चलिए जानते हैं क्या हैं वो चीजें-
मछली और चिकन
ऐसा माना जाता है कि दूध या दही जैसी डेयरी उत्पादों के साथ मछली का सेवन नहीं करना चाहिए। मछली में काफी मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है और इसकी तासीर गर्म होती है। इससे आपको पाचन से जुड़ी तकलीफ हो सकती हैं। इसमें फूड पॉइजनिंग, गैस, अपच और पेट दर्द जैसे लक्षण शामिल हैं।
उड़द की दाल
उड़द की दाल में विटामिन, मिनरल्स और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे पचने में थोड़ा लंबा समय लगता है। साथ ही इसकी तासीर गर्म होती है। यही वजह है कि दूध के साथ इसके सेवन से पाचन प्रक्रिया बुरी तरह से प्रभावित होती है। इससे आपको पेट में दर्द, उलटी और शरीर में भारीपन जैसी तकलीफ हो सकती है। बेहतर है कि उड़द की दाल के सेवन के कम से कम दो घंटे बाद ही इनका सेवन करें।
खट्टे फल
कुछ खट्टे फल जैसे संतरे, अंगूर, नींबू, लीची आदि के साथ डेयरी उत्पादों के सेवन से बचना चाहिए। ये सारी चीजें दूध को फाड़ देती हैं जिससे नुकसान होता है। खट्टे फल ठंडे होते हैं जबकि देरी उत्पाद पेट को ठंडा करते हैं। इसलिए इन चीजों को एक साथ खाने से पेट पर बुरा असर पड़ता है और ये पेट में जहरीले पदार्थ बनते हैं। ऐसे में आपको जुकाम, खांसी, कफ और एलर्जी हो सकती है।
तिल और नमक
यदि आप कोई भी ऐसा भोजन खा रहे हैं जिसमे की तिल और नमक का इस्तेमाल हुआ हो तो कम से कम दो घंटे दूध और दही का सेवन ना करें। ये शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इससे आपको त्वचा से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
कटहल या करेले की सब्जी
कटहल और करेले की सब्जी भला किसे पसंद नहीं होती है। लेकिन इन सब्जियों को खाने के बाद आपको दूध या दही से बचना चाहिए। इससे आपको लाभ पंहुचने के बजाए नुकसान हो सकता है। इससे आपको त्वचा रोग जैसे दाद, खाज, खुजली, एग्जिमा, सोराइसिस आदि हो सकते हैं।
मूली
दूध को कभी भी नमकीन और खट्टी चीजों के साथ नहीं लेना चाहिए। इसके अलावा यदि किसी खाद्य पदार्थ में मूली का प्रयोग किया गया है तो इसके तुरंत बाद दूध नहीं पीना चाहिए क्योंकि ऐसा करने से दूध विषैला हो सकता है साथ ही त्वचा संबंधी रोग होने की आशंका रहती है। मूली से बनी चीजें खाने के कम से कम दो घंटे के बाद ही दूध पिएं।