Diet tips: आयुर्वेद के अनुसार इन 6 चीजों को खाने से पहले और बाद में न पियें दूध, सेहत हो सकती है खराब
By उस्मान | Published: March 17, 2021 04:20 PM2021-03-17T16:20:03+5:302021-03-17T16:20:03+5:30
बेहतर हेल्थ के लिए बेहतर खाना ही नहीं, फूड कॉम्बिनेशन का ध्यान रखना भी जरूरी
बेहतर स्वास्थ्य खाने-पीने की अच्छी आदतों पर निर्भर है। आप जैसा खाते हैं, आपका शरीर उसी तरह रियेक्ट करता है। लेकिन खाने-पीने का मतलब यह नहीं है कि आप कभी भी कुछ भी खाएं। कई बार गलत समय खाई गई हेल्दी चीजें भी शरीर को नुकसान दे सकती हैं। ऐसी ही एक चीज दूध है। दूध पीने के वैसे तो अनगिनत फायदे हैं लेकिन दूध के साथ कुछ चीजों के सेवन से सेहत को गंभीर नुकसान हो सकते हैं।
बेशक दूध में कैल्शियम, विटामिन ए, बी12, राइबोफ्लेविन, फॉस्फोरस, जिंक, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसी कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के बेहतर कामकाज के लिए जरूरी हैं।
नियमित रूप से इनके सेवन से दांतों और हड्डियों को मजबूत बनाने, शरीर में प्रोटीन की कमी पूरा करने, कब्ज की समस्या से बचने, शरीर को ताकत देने, हाइड्रेशन से बचने, तनाव को दूर रखने, अनिंद्रा की समस्या से बचने यहां तक की यौन समस्याओं से बचने में भी मदद मिलती है।
लेकिन दूध आपके शरीर को उस समय नुकसान दे सकता है, जब उसे कुछ चीजों के सेवन से पहले या बाद में लिया जाता है। चलिए जानते हैं वो चीजें क्या-क्या हैं।
1) मछली और चिकन
ऐसा माना जाता है कि दूध या दही जैसी डेयरी उत्पादों के साथ मछली का सेवन नहीं करना चाहिए। मछली में काफी मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है और इसकी तासीर गर्म होती है। इससे आपको पाचन से जुड़ी तकलीफ हो सकती हैं। इसमें फूड पॉइजनिंग, गैस, अपच और पेट दर्द जैसे लक्षण शामिल हैं।
2) उड़द की दाल
उड़द की दाल में विटामिन, मिनरल्स और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे पचने में थोड़ा लंबा समय लगता है। साथ ही इसकी तासीर गर्म होती है। यही वजह है कि दूध के साथ इसके सेवन से पाचन प्रक्रिया बुरी तरह से प्रभावित होती है। इससे आपको पेट में दर्द, उलटी और शरीर में भारीपन जैसी तकलीफ हो सकती है। बेहतर है कि उड़द की दाल के सेवन के कम से कम दो घंटे बाद ही इनका सेवन करें।
3) खट्टे फल
कुछ खट्टे फल जैसे संतरे, अंगूर, नींबू, लीची आदि के साथ डेयरी उत्पादों के सेवन से बचना चाहिए। ये सारी चीजें दूध को फाड़ देती हैं जिससे नुकसान होता है। खट्टे फल ठंडे होते हैं जबकि देरी उत्पाद पेट को ठंडा करते हैं। इसलिए इन चीजों को एक साथ खाने से पेट पर बुरा असर पड़ता है और ये पेट में जहरीले पदार्थ बनते हैं। ऐसे में आपको जुकाम, खांसी, कफ और एलर्जी हो सकती है।
4) तिल और नमक
यदि आप कोई भी ऐसा भोजन खा रहे हैं जिसमे की तिल और नमक का इस्तेमाल हुआ हो तो कम से कम दो घंटे दूध और दही का सेवन ना करें। ये शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इससे आपको त्वचा से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
5) कटहल या करेले की सब्जी
कटहल और करेले की सब्जी भला किसे पसंद नहीं होती है। लेकिन इन सब्जियों को खाने के बाद आपको दूध या दही से बचना चाहिए। इससे आपको लाभ पंहुचने के बजाए नुकसान हो सकता है। इससे आपको त्वचा रोग जैसे दाद, खाज, खुजली, एग्जिमा, सोराइसिस आदि हो सकते हैं।
6) मूली
दूध को कभी भी नमकीन और खट्टी चीजों के साथ नहीं लेना चाहिए। इसके अलावा यदि किसी खाद्य पदार्थ में मूली का प्रयोग किया गया है तो इसके तुरंत बाद दूध नहीं पीना चाहिए क्योंकि ऐसा करने से दूध विषैला हो सकता है साथ ही त्वचा संबंधी रोग होने की आशंका रहती है। मूली से बनी चीजें खाने के कम से कम दो घंटे के बाद ही दूध पिएं।