पूर्व भारतीय फुटबॉलर चुन्नी गोस्वामी का निधन, 1962 में भारत को एशियन गेम्स में दिलाया था गोल्ड
By सुमित राय | Published: April 30, 2020 06:33 PM2020-04-30T18:33:12+5:302020-04-30T19:54:31+5:30
पूर्व भारतीय फुटबॉलर और प्रथम श्रेणी क्रिकेटर चुन्नी गोस्वामी का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
भारत के महान पूर्व फुटबालर चुन्नी गोस्वामी का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से कोलकाता में 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने कोलकाता एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह मधुमेह, प्रोस्ट्रेट और तंत्रिका तंत्र संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और बेटा सुदिप्तो हैं।
चुन्नी गोस्वामी साल 1962 में एशियाई खेलों की गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान थे। उन्होंने भारत के लिए बतौर फुटबॉलर 1956 से 1964 तक 50 मैच खेले, जिसमें रोम ओलंपिक भी शामिल था। फुटबॉल के अलावा चुन्नी गोस्वामी बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट भी खेले थे। गोस्वामी ने वहीं क्रिकेटर के तौर पर उन्होंने 1962 और 1973 के बीच 46 प्रथम श्रेणी मैचों में बंगाल का प्रतिनिधित्व किया।
अविभाजित बंगाल के किशोरगंज जिले (मौजूदा बांग्लादेश) में जन्में चुन्नी गोस्वामी का असल नाम सुबीमल था, लेकिन उन्हें उनके निकनेम से ही जाना जाता था। भारतीय डाक विभाग ने इसी साल जनवरी में उनके 82वें जन्मदिन पर भारतीय फुटबॉल में उनके योगदान के लिए विशेष डाक टिकट जारी किया।
गोस्वामी पूरी जिंदगी एक ही क्लब मोहन बागान के लिए खेले, जहां से 1968 में रिटायर हुए। वह पांच सत्र में टीम के कप्तान रहे और 2005 में मोहन बागान रत्न बने। चुन्नी गोस्वामी, पी के बनर्जी और तुलसीदास बलराम भारतीय फुटबाल के स्वर्णिम दौर की शानदार फारवर्ड पंक्ति का हिस्सा थे जब भारत एशिया में फुटबाल की महाशक्ति था। उन्हें 1963 में अर्जुन पुरस्कार और 1983 में पद्मश्री से नवाजा गया।