FIFA World Cup: स्विट्जरलैंड ने सर्बिया के खिलाफ दर्ज की जीत, झाका और शकीरी ने किए गोल

By सुमित राय | Published: June 23, 2018 02:02 AM2018-06-23T02:02:33+5:302018-06-23T02:02:33+5:30

FIFA World Cup: फीफा विश्व कप 2018 के ग्रुप ई के अहम मुकाबले में स्विट्जरलैंड ने सर्बिया को 2-1 से हराकर इस साल पहली जीत दर्ज की।

FIFA World Cup 2018: Switzerland beat Serbia by 2-1 | FIFA World Cup: स्विट्जरलैंड ने सर्बिया के खिलाफ दर्ज की जीत, झाका और शकीरी ने किए गोल

FIFA World Cup 2018: Switzerland beat Serbia by 2-1

वोल्गोग्राड (रूस), 23 जून। फीफा विश्व कप 2018 के ग्रुप ई के अहम मुकाबले में स्विट्जरलैंड ने सर्बिया को 2-1 से हराकर इस साल पहली जीत दर्ज की। स्विट्जरलैंड की ओर से मैच के 52वें मिनट में ग्रानित झाका ने और 90वें मिनट में झेरडन शकीरी ने गोल किया। वहीं सर्बिया की ओर से एकमात्र गोल अलैक्जेंडर मित्रोविक ने मैच के पांचवें मिनट में किया था।  इस विश्व कप में यह तीसरा सबसे तेज गोल है। इससे पहले दोनों गोल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किए थे। उन्होंने दोनों गोल मैच के चौथे मिनट में किए थे।

बता दें कि इस जीत के बाद स्विट्जलैंड की टीम अपने ग्रुप में चार अंकों के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई है और अंतिम 16 में जगह बनाने की उम्मीदों को बढ़ा लिया है। वहीं सर्बिया की टीम 3 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है। स्विट्जरलैंड ने अपने पहले मैच में बेहतरीन खेल दिखाते हुए पांच बार की विश्व विजेता ब्राजील को 1-1 की बराबरी पर रोक अंक बांटने पर मजबूर कर दिया था। वहीं सर्बिया की टीम ने अपने पहले मैच में कोस्टा रिका को मात दी थी। (फीफा विश्व कप 2018 की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें)

अलैक्जेंडर मित्रोविक ने सर्बिया की टीम को शानदार शुरुआत दी और खेल के पांचवें ही मिनट में ही गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी थी। डुसान टैडिक के पास को उन्होंने हेडर के जरिए स्विस गोलकीपर यान सोमर को छकाते हुए गेंद को नेट में पहुंचाया। इसके बाद पहले हाफ में दोनों टीम कोई और गोल नहीं कर पाई और पहला हाफ सर्बिया के पक्ष में रहा।

भले ही पहले हाफ में सर्बियाई खिलाड़ियों का दबदबा रहा, लेकिन दूसरे हाफ में स्विस टीम ने शानदार वापसी की। ग्रानित झाका ने मैच के 52वें मिनट में पेनल्टी बॉक्स के बाहर रिबाउंड पर गेंद पर काबू पाकर उसे गोल में तब्दील कर दिया। इसके बाद झेरडन शकीरी ने 90वें मिनट में अपने हाफ में ही सर्बिया के एक खिलाड़ी के पास को लपका और गेंद लेकर आगे बढ़ गए। उन्होंने सर्बिया के गोलकीपर व्लादिमीर स्टोजकोविक को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।

Web Title: FIFA World Cup 2018: Switzerland beat Serbia by 2-1

फुटबॉल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे