FIFA World Cup: इंग्लैंड के हैरी केन का चला इस बार जादू, जानिए इस स्टार खिलाड़ी से जुड़ी 5 दिलचस्प बातें
By विनीत कुमार | Published: July 7, 2018 06:28 PM2018-07-07T18:28:17+5:302018-07-07T18:32:45+5:30
फीफा वर्ल्ड कप-2018 के गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे चल रहे हैरी केन ने इंग्लैंड को अब तक इस टूर्नामेंट में बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई है।
नई दिल्ली, 7 जुलाई: फीफा वर्ल्ड कप-2018 का रोमांच चरम पर है। कई बड़ी टीमें क्वॉर्टर फाइनल तक आते-आते टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। हालांकि, इन सबके बीच नजरें इंग्लैंड की टीम पर जमी हुई हैं और इसका एक बड़ा कारण टीम के कप्तान और स्टार हैरी केन हैं। इंग्लैंड ने आखिरी बार और एकमात्र वर्ल्ड कप 1966 में जीता था।
इसके बाद से इंग्लिश फैंस को निराशा ही झेलनी पड़ी है। हैरी केन क्या इस बार इंग्लैंड की किस्मत बदल सकेंगे, इस सवाल का जवाब अभी दूर की कौड़ी है लेकिन इतना तो साफ हो गया है कि लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और नेमार जैसे बड़े नामों के बीच हैरी कैन ने अपनी एक अलग छाप छोड़ दी है।
फीफा वर्ल्ड कप-2018 के गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे चल रहे हैरी केन ने इंग्लैंड को अब तक इस टूर्नामेंट में बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई है। आईए, हम आपको बताते हैं इस खिलाड़ी से जुड़े कुछ दिलचस्प बातें-
1.हैरी और डेविड बेकहम: हैरी केन और डेविड बेकहम ने इंग्लैंड के एक ही स्कूल चिंगफोर्ड फाउंडेशन स्कूल में पढ़ाई की है। हैरी के स्कूल के एक टीचर डेनिस मैक्लिगॉट के अनुसार हैरी बचपन से ही अच्छा फुटबॉल खेलते थे और उस दौरान कई मैचों में उन्होंने अपने स्कूल के लिए शानदार प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup: रूस से जीता क्रोएशिया तो 20 साल बाद पहुंचेगा सेमीफाइनल में
2. अर्सेनल ने किया था रिजेक्ट: हैरी को इंग्लिश प्रीमियर लीग में खेलने वाली अर्सेनल ने रिजेक्ट कर दिया था। उस समय अर्सेनल एकेडमी के इंचार्ज लियाम ब्रैडी के अनुसार यह फैसला हैरी के ज्यादा वजन को देखते हुए लिया गया था। ब्रैडी के मुताबिक हैरी का वजन ज्यादा था और वह फुर्तीले भी नहीं थे। बाद में हालांकि, ब्रैडी ने अपने फैसले पर अफसोस भी जताया।
3. रोवर्स के साथ शुरू किया करियर: हैरी का जन्म 28 जुलाई 1993 को ग्रेटर लंदन के बाहरी इलाके वालथनस्टो नाम की जगह पर हुआ। बचपन में इंग्लिश क्लब रिजवे रोवर्स के लिए फुटबॉल खेला। इसी क्लब से डेविड बेकहम ने भी अपने करियर की शुरुआत की थी। हैरी फिलहाल इंग्लैंड के क्लब टॉटैनहम हॉट्सपर एफसी के लिए खेलते हैं।
यह भी पढ़ें- चपरासी का बेटा बना भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा, मुजफ्फरनगर में है 'रोनाल्डो भाई' के नाम से मशहूर
4. फिल्मों के शौकिन हैरी: फुटबॉल के मैदान पर अपने खेल से फैंस का दिल जीतने वाले हैरी केन फिल्मों के बड़े शौकिन हैं। उनकी पसंदीदा फिल्म 'लॉ अबाइडिंग सिटिजन' है , जो 2009 में रिलीज हुई थी। केन ने 2014 के एक इंटरव्यू में ये भी बताया था कि उनका पसंदीदा टीवी शो डेक्सटर है।
5. स्कूल की दोस्त से की सगाई: हैरी केन अभी शादी के बंधन में नहीं बंधे हैं लेकिन सगाई कर चुके हैं। उन्होंने स्कूल की अपनी एक दोस्त कैटी गुडलैंड से सगाई की है। दोनों की एक बेटी भी है, जिसका नाम इवी है। हैरी के इंग्लैंड में दो घर हैं। उनके परिवार में उनकी बेटी, मंगेतर के अलावा दो कुत्ते भी हैं।