FIFA World Cup: इन 12 स्टेडियम में खेले जाएंगे मैच, जानें कितनी लागत से बना और कितनी है क्षमता

By सुमित राय | Published: June 7, 2018 08:18 AM2018-06-07T08:18:54+5:302018-06-07T08:18:54+5:30

FIFA World Cup: टूर्नामेंट का पहला मुकाबला, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला मॉस्को के लुजनिकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

2018 FIFA World Cup: Stadiums in Russia set to host the event, see all images | FIFA World Cup: इन 12 स्टेडियम में खेले जाएंगे मैच, जानें कितनी लागत से बना और कितनी है क्षमता

2018 FIFA World Cup: Stadiums in Russia set to host the event, see all images

फुटबॉल के महाकुंभ 'फीफा वर्ल्ड कप 2018' का आगाज 14 जून से होने जा रहा है, जो 15 जुलाई तक चलेगा। फीफा वर्ल्डकप 2018 का उद्धाटन मैच मेजबान रूस और सऊदी अरब के बीच 14 जून 2018 को भारतीय समयानुसार रात 8.30 बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला मॉस्को के लुजनिकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस स्टेडियम में लगभग 80 हजार लोगों के बैठने की जगह है।

21वें फुटबॉल विश्व कप का आयोजन रूस के 11 शहरों के 12 स्टेडियम में होगा। इन स्टेडियम्स की विविधता की बात करें तो सेंट पीटर्सबर्ग में गर्मी के दिनों में कभी कभी सूर्यास्त होता ही नहीं तो वही काला सागर तट के किनारे बसे सोची में उष्णकटिबंधीय मौसम है। आज हम आपको बता रहे हैं इस साल आयोजित होने वाले फीफा वर्ल्ड कप के स्टेडियम्स के बारे में।

1. लुजनिकी स्टेडियम : रूस के मॉस्को शहर में बने इस स्टेडियम में इस साल टूर्नामेंट का पहला मुकाबला, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस स्टेडियम में लगभग 81,006 लोगों के बैठने की जगह है। इस ग्राउंड को बनाने में 41 करोड़ डॉलर का खर्ज आया है और इसका निर्माण साल 1950 में किया गया था।

2. स्पार्टक स्टेडियम : फीफा वर्ल्ड के लिए मॉस्को शहर में बना यह दूसरा स्टेडियम है और इसमें 43,298 लोगों के एक साथ बैठने की क्षमता है। 25 करोड़ डॉलर में बने इस स्टेडियम का निर्माण साल 2014 में हुआ था। रूस प्रीमियर लीग 2017 के चैम्पियन स्पार्टक मॉस्को का यह घरेलू स्टेडियम है।

3. सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम : रूस के सेंट पीसर्सबर्ग शहर में बने इस स्टेडियम में एक साथ 68,134 लोगों के बैठने की क्षमता है। अंतरिक्ष यान की तरह दिखने वाला यह स्टेडियम निर्माण में बार-बार देरी के कारण सुर्खियों में रहा। इसके निर्माण कार्य के दौरान हादसे में आठ मजदूरों की भी मौत हो गई थी। 73.5 करोड़ डॉलर में बना यह स्टेडियम सेमीफाइनल मैच की मेजबानी करेगा।

4. फिश स्टेडियम : रूस के सोची शहर में बने इस स्टेडियम की प्रारंभिक निर्माण में 40 करोड़ डॉलर खर्च हुए थे। इसे फुटबॉल मैच खेलने के लिए उपयुक्त बनाने के लिए 6.8 करोड़ डॉलर और खर्च किए गए थे। इस स्टेडियम में एक साथ 47,700 लोग बैठकर मैच देख सकते हैं। सोची ओलंपिक में डोपिंग विवाद के कारण रूस की काफी किरकिरी हुई लेकिन उसकी विरासत का यह बेहतर नमूना है।

5. कजान एरेना : रूस के कजान शहर में बने इस स्टेडियम में 44,779 लोग एक साथ बैठकर मैच देख सकते हैं। इस स्टेडियम को बनाने के लिए 25 करोड़ डॉलर खर्च किया गया है। रूस की नई पीढ़ी के फुटबॉल स्टेडियमों के तौर पर इसे खोला गया और स्टेडियमों के प्रोटोटाइप के रूप में इसका इस्तेमाल किया गया।

6. समारा एरेना : समारा शहर के वोल्गा नदी के तट पर बने इस महत्वाकांक्षी स्टेडियम का निर्माण भी मुश्किल से समय पर पूरा हुआ। इसका गुंबद शीशे से बना है जिस पर रूस के अंतरिक्ष कार्यक्रम में समारा का इतिहास दिखाया गया है। 31 करोड़ डॉलर में बने इस स्टेडियम में एक साथ 44,807 लोग बैठकर मैच देख सकते हैं।

7. निजनी नोवगोरोद स्टडियम : निजनी नोवगोरोद स्टेडियम में फीफा विश्व कप के आयोजन वाले अन्य स्टेडियम्स से अधिक प्रभावशाली डिजाइनों में से एक है और यह मैदान क्वार्टर फाइनल की मेजबानी करेगा। 30.7 करोड़ डॉलर में बने इस स्टेडियम में एक साथ 45,331 लोग बैठकर मैच देख सकते हैं।

8. रोस्तोव एरेना : रूस के रोस्तोव-ऑन-डॉन शहर में बने इस स्टेडियम में एक साथ 45,145 लोग बैठकर मैच देख सकते हैं। इस स्टेडियम को बनाने में 33 करोड़ डॉलर खर्च किया गया है। दक्षिणी रूस में बने स्टेडियम में खेलने वाली टीमों को गर्मी से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

9. वोल्गोग्राद एरेना : रूस के वोल्गोग्राद शहर में बने इस स्टेडियम को बनाने में 30 करोड़ डॉलर खर्च किया गया है। इस स्टेडियम में 45,568 लोग एक साथ बैठकर मैच देख सकते हैं। एक समय स्टालिनग्राद के नाम से पहचाने जाने वाले इस शहर की तरह स्टेडियम में भी युद्ध का इतिहास दिखता है।

10. एकातेरिनबर्ग एरेना : अस्तित्व में आने से पहले ही यूराल पर्वत के शहर एकातेरिनबर्ग का यह स्टेडियम अपने असामान्य डिजायन के लिए प्रसिद्ध है। इस ग्राउंड में 35,696 लोग एक साथ बैठकर मैच देख सकते हैं। इस स्टेडियम के पुनर्निर्माण के लिए 22 करोड़ डॉलर खर्च किया गया है।

11. मोरदोविया एरेना : रूस ने जब इस स्टेडियम को मेजबान के रूप में चुना था, तब बहुत ज्यादा विवाद उठा था। बताया गया था कि सिर्फ तीन लाख की आबादी वाले सरांस्क शहर को मेजबान रूप में चुना जाना आश्चर्यजनक है। इस स्टेडियम को बनाने में 29.5 करोड़ डॉलर खर्च किया गया है और यहा 44,442 लोग एक साथ बैठकर मैच देख सकते हैं।

12. कैलिनइनग्राद स्टेडियम : कैलिनइनग्राद शहर में बने इस स्टेडियम में 35,212 लोग एक साथ बैठकर मैच देख सकते हैं। इसको बनाने में 30 करोड़ डॉलर खर्च किया गया है। कैलिनइनग्राद रूस के बाकी हिस्सों से कटा हुआ है। यह पोलैंड और लिथुआनिया के बीच स्थित है।

Web Title: 2018 FIFA World Cup: Stadiums in Russia set to host the event, see all images

फुटबॉल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे