मरने से पहले जरूर खा लें दिल्ली में मिलने वाली ये 15 चीजें
By उस्मान | Published: November 10, 2018 03:08 PM2018-11-10T15:08:46+5:302018-11-10T15:08:46+5:30
दिल्ली में आपको लगभग हर गली और नुक्कड़ पर गोलगप्पे, समोसे, जलेबी, मिठाई और चाट जैसी चीजें मिल जाएंगी लेकिन जिन चीजों के बारे में हम बता रहे हैं शायद ही आपने ट्राई की हों।
कहते हैं दिल्ली दिलवालों की है और यहां के खाने का स्वाद भी दिल को छू लेने वाला है। अगर आप खाने शौकीन हैं, तो आप यहां की लगभग हर गली और नुक्कड़ पर गोलगप्पे, समोसे, जलेबी, मिठाई और चाट जैसी चीजों का आनंद ले सकते हैं। हम आपको दिल्ली में मिलने वाली खाने की कुछ ऐसी चीजों के बारे में बता रहे हैं जिन्हें आपको अपने जीवन में एक बार जरूर खाना चाहिए।
1) ब्लैक जलेबी
यहां आपको ऑरेंज फ्लेवर में काले जलेबी मिल सकती है। इसका स्वाद आपको हमेशा याद रहेगा। 100 ग्राम जलेबी 30 रुपये की मिलती है। यह आपको सुल्तान जी मिठाई, दुकान संख्या 112, बाज़ार मटिया महल में मिलेगी।
2) कॉफी आइसक्रीम
गर्मियों के दौरान ठंडा कॉफी से बेहतर क्या है? गर्मियों के दौरान जमी हुई कॉफी खाने को मिल जाए तो मजा ही आ जाएगा। एक कप कॉफी आइसक्रीम की कीमत 110 रुपये है। यह आपको डीएलएफ प्लेस मॉल, साकेत में मिलेगी।
3) सफेद गाजर का हलवा
सर्दियों में इससे बेहतर चीज आपको नहीं मिल सकती है। इसे सफेद गाजर से बनाया जाता है जो कश्मीर की खूबसूरत घाटियों से आती हैं। 400 रुपये में आपको एक किलो हलवा मिल जाएगा। दुध भवन, बाजार मटिया महल में केवल सर्दियों में मिलता है।
4) मैंगो गोल गप्पा
आपने चटपटे गोलगप्पे तो खूब खाये होंगे लेकिन क्या आपने आम के स्वाद के रसीले गोलगप्पे खाये हैं? इसके लिए आपको राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय, गेट 2, भैरों मार्ग, प्रगति मैदान जाना होगा।
5) खुरचन
इसे खाकर आपको अपने बचपन के दिन याद आ जाएंगे जब आप दूध के बर्तन में जमे स्वादिष्ट खुरचन मजा लेते थे। यह आपको 2225, किनारी बाजार आरडी, धर्म पुरा, पुरानी दिल्ली में मिलेगा। इसकी कीमत 40 रुपये प्लेट है।
6) मिल्क केक
ये स्वादिष्ट डेजर्ट यहां पिछले 80 सालों से बनता आ रहा है। इसके लिए आपको 336, कुचा घासी राम, चांदनी चौक जाना होगा। 500 रुपये में आपको एक किलो मिल्क केक मिल जाएगा।
7) मूंग दाल का हलवा
असली घी से बनने वाला मूंग दाल का हलवा खाकर आपको मजा आ जाएगा। इसके लिए आपको राजस्थान स्टॉल, दिल्ली हाट जाना होगा और 100 रुपये में आपको एक प्लेट हलवा मिल जाएगा।
8) कराची हलवा
लगभग एक शताब्दी पुरानी यह दुकान अपने कराची हलवा के लिए राजधानी और आसपास के इलाकों में जानी जाती है। इसके लिए आपको 64 99, फतेपुरी चौक, चांदनी चौक जाना होगा। 580 रुपये में आपको एक किलो हलवा मिल सकता है।
9) सीताफल आइसक्रीम
आइसक्रीम खाना भला किसे पसंद नहीं है। अगर आप कुछ अलग फ्लेवर ट्राई करना चाहते हैं, तो आपको नेचुरल आइसक्रीम के आउटलेट पर जाना होगा। दिल्ली-एनसीआर में आपको कई आउटलेट मिल जाएंगे।
10) जलेबी
चांदनी चौक की फेमस मिठाई की दुकान जलेबी वाला का नाम आपने जरूर सुना होगा। यहां आपको 500 रुपये किलो जलेबी मिल जाएगी। इसके लिए आपको दरिबा कलां रोड, दरिबा कॉर्नर, चांदनी चौक जाना होगा।
11) शाही टुकड़ा और मैंगो आइसक्रीम
अगर आप जामा मस्जिद खाने गए हैं और खाने के बाद मीठे में शाही टुकड़ा या मैंगो आइसक्रीम नहीं खाई है, तो आपका खाना अधूरा है। इस बार कूल प्वाइंट, करीम्स, जामा मस्जिद जाकर इसका मजा लें।
12) सोहन हलवा
शुद्ध देसी घी के साथ बनाया गया, यह एक मजेदार डेजर्ट है। इसके लिए आपको 1972-1973, कॉर्नर परांठे वाली गली, सेंट्रल बैंक, चांदनी चौक जाना होगा। यह 650 रुपये प्रति किलो मिलता है।
13) स्टफ्ड कुल्फी
यहां आपको मैंगो, अनार, ऐप्पल, ऑरेंज जैसे कई फ्लेवर वाली कुल्फी मिल जाएगी। इसके लिए आपको 526, कुचा पाटी राम, बाजार सीता राम, चावरी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास, चावरी बाज़ार जाना होगा।
14) रोशन दी कुल्फी
यहां आपको आम, पान, चॉकलेट ओरेओ, केसर बदाम पिस्ता फ्लेवर में कुल्फी मिल जाएगी। इसके लिए आपको 2816, अजमल खान रोड, करोल बाग जाना होगा और एक कुल्फी 120 रुपये की है।
15) गुलाटी के गुलाब जामुन
खाने के बाद अगर किसी को गर्मागर्म गुलाब जामुन खाने को मिल जाए, तो इससे मजेदार कुछ नहीं हो सकता है। इसके लिए आपको 6, पांडारा रोड मार्केट जाना होगा जहां आपको 205 रुपये में एक प्लेट गुलाब जामुन खाने को मिल जाएंगे।