coronavirus in delhi: कोरोना वायरस के खतरे के बीच जेएनयू-जामिया ने छात्रों को घर जाने के लिए कहा
By निखिल वर्मा | Published: March 17, 2020 03:35 PM2020-03-17T15:35:23+5:302020-03-17T15:35:23+5:30
coronavirus in delhi: जेएनयू-जामिया ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए छात्रों को घर जाने की सलाह दी. हालांकि जेएनयू प्रशासन ने टीचर्स को कैंपस आने और काम जारी रखने के लिए कहा है.
दिल्ली में कोरोना वायरस के खतरे के बीच आईआईटी दिल्ली के बाद जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) और जामिया मिल्लिया इस्लामिया भी छात्रों को हॉस्टल खाली करने और घर जाने के लिए कहा है। सोमवार (16 मार्च) को जेएनयू रजिस्ट्रार प्रमोद कुमार ने एक नोटिस जारी करके कहा, सभी छात्रों को घर वापस जाने की सलाह दी जाती है। सिर्फ जरूरतमंद छात्रों को ही मेस की सुविधा मिलेगी। वैध कारणों से यहां रुके विदेशी छात्रों को कुछ हॉस्टलों में रहने की सुविधा मिलेगी।
इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के अनुसार, नोटिस में कहा गया, हॉस्टल में बाहर से खाना मंगवाने और गेस्ट को बुलाने की इजाजत नहीं होगी। हर छात्रावास में सीनियर वॉर्डन के नेतृत्व में वॉलंटियर की एक समिति बनेगी जो यह देखेगी कि प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं। छात्र हॉस्टल में सभा या भीड़ नहीं लगाएंगे। जेएनयू के रजिस्ट्रार प्रमोद कुमार ने कहा, लाइब्रेरी, जिम, योगा सेंटर, कैंटीन को भी 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है।
जामिया के छात्रों को भी घर जाने की सलाह
रविवार को जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने भी छात्रों को घर जाने की सलाह दी है। जामिया रजिस्ट्रार ए पी सिद्दीकी ने एडवाइजरी करके कहा है कि जामिया में पुस्तकालयों और कैंटीन बंद किए जाने की संभावना है। इसलिए सभी छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे मौजूदा परिस्थितियों की गंभीरता को समझें और अपनी सुरक्षा के लिए और अधिक सुरक्षित वातावरण के लिए घर वापस जाने पर विचार कर सकते हैं।
दिल्ली में कोरोना वायरस के 7 मामले
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के अब तक 7 मामले सामने आए हैं। इनमें दो लोगों का सफल इलाज किया जा चुका है जबकि कोविड-19 वायरस से एक की मौत हुई है। भारत में अब तक कोरोना वायरस के 126 मामले सामने आए हैं। कोरोना वायरस के चलते भारत में अब तक तीन मौतें हुई हैं जबकि 13 लोगों का सफल इलाज किया जा चुका है।
राज्य/केंद्रशासित प्रदेश | भारतीय | विदेशी | मौत |
आंध्र प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
दिल्ली | 7 | 0 | 1 |
हरियाणा | 1 | 14 | 0 |
केरल | 22 | 2 | 0 |
महाराष्ट्र | 36 | 3 | 1 |
ओडिशा | 1 | 0 | 0 |
पंजाब | 1 | 0 | 0 |
राजस्थान | 2 | 2 | 0 |
तमिलनाडु | 1 | 0 | 0 |
तेलंगाना | 4 | 0 | 0 |
जम्मू-कश्मीर | 3 | 0 | 0 |
लद्दाख | 4 | 0 | 0 |
उत्तर प्रदेश | 12 | 1 | 0 |
उत्तराखंड | 1 | 0 | 0 |
कर्नाटक | 8 | 1 | 1 |
कुल | 104 | 22 | 3 |