बिजनेस मीटिंग के बहाने बेंगलुरु के पंचतारा होटल में हुआ महिला के साथ रेप, आरोपी फरार
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: August 12, 2022 06:51 PM2022-08-12T18:51:00+5:302022-08-12T18:56:02+5:30
बेंगलुरु की कब्बन पार्क पुलिस ने बताया कि बीते 6 अगस्त को शहर के सुप्रसिद्ध होटल में एक महिला के साथ तमिलनाडु के रहने वाले एक शख्स ने रेप किया और अपराध करने के बाद वो मौके से फरार हो गया।
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक महिला के साथ रेप की वारदात हुई है। जानकारी के मुताबिक महिला ने आईटी हब के कब्बन पार्क पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि शहर के एक फाइव स्टार होटल में कथित तौर पर उसके साथ रेप किया गया है।
इस घटना के विषय में कब्बन पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने थाने में जो शिकायत दर्ज कराई है, उसमें बताया गया है कि बीते 6 अगस्त को शहर के सुप्रसिद्ध होटल में उसे साथ तमिलनाडु के रहने वाले एक शख्स ने रेप किया और अपराध के बाद वो मौके से फरार हो गया।
समाचार वेबसाइट 'द न्यूज मिनट' के मुताबिक महिला ने पुलिस शिकायत में आरोप लगाया कि उसके साथ बलात्कार करने वाला व्यक्ति बिजनेस में उसका पार्टनर है। 10 अगस्त को दर्ज कराई शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया है, जो संभवतः तमिलनाडु भागे आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही हैं।
मामले में पुलिस का कहना है कि यह घटना होटल में उस समय हुई जब दोनों के बीच बिजनेस मीटिंग होनी थी। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसे होटल में मिलने का सुझाव दिया था। जिसके बाद वो होटल में गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी व्यक्ति ने महिला से होटल में मिलने के लिए इसलिए दबाव बनाया क्योंकि वो कथित तौर पर सार्वजनिक स्थान पर मिलने में असहज महसूस कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक महिला ने आरोपी की बात स्वीकार करते हुए बेंगलुरु के पांच सितारा होटल में मिलने की उसकी इच्छा को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद आरोपी ने उसका यौन शोषण किया।
कब्बन पार्क पुलिस ने कहा कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस दल तमिलनाडु भेजा गया है।
पुलिस ने मामले के बारे में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस का मानना है कि फरार आरोपी उनकी प्रेस ब्रिफिंग से गुप्त सूचनाएं ले सकता है और लंबे समय तक फरार रह सकता है।