मुंबई में ऑटो रिक्शा से गिरकर महिला की मौत, बाइक पर सवार बदमाशों से अपना मोबाइल छीनने की कोशिश के दौरान हादसा
By दीप्ती कुमारी | Published: June 11, 2021 02:24 PM2021-06-11T14:24:07+5:302021-06-11T14:25:22+5:30
मुंबई से सटे ठाणे में एक युवती की ऑटो रिक्शा से गिरकर मौत हो गई है। यह घटना तब हुई , जब वह बाइक सवारों से अपना मोबाइल वापस लेने की कोशिश कर रही थी।
मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के पास ठाणे इलाके में 27 वर्षीय महिला की ऑटो रिक्शा में यात्रा करने के दौरान गिरकर मौत हो गई। यह घटना बुधवार की है। हादसा तब हुआ, जब महिला दो बाइक सवारों से अपना फोन वापस लेने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार घटना बुधवार रात को हुई थी और गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक महिला एक मॉल के स्पा में काम करती है। वह रात करीब 8 बजे ऑटो रिक्शा से अपने दोस्त के साथ घर लौट रही थी।
पुलिस ने कहा कि जब ऑटो रिक्शा हाईवे पर था, उसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग वाहन के पास आ गए। इसके बाद उन्होंने महिला का फोन छीन लिया। महिला ने फिर वापस अपना फोन बदमाशों से छीनना चाहा और इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया। ऑटो पर हाथ आगे बढ़ाकर मोबाइल छीनने के क्रम में महिला सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
आननफानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़िता के सहयात्री की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज की है और दोनों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक एक आरोपी की पहचान अल्केश परवेज मोमीन अंसारी के तौर पर हुई है। उसकी उम्र 20 साल है। वहीं, दूसरा आरोपी की उम्र 18 साल है।