दूसरे धर्म के लड़के से किया प्यार तो भाई और पिता ने ली युवती की जान, ऐसे दी दर्दनाक मौत
By भाषा | Published: September 12, 2018 08:35 AM2018-09-12T08:35:44+5:302018-09-12T08:35:44+5:30
पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर पर दो नंबर लिखे हुए मिले जिस पर कॉल करने पर मुंबई में रह रहे प्रेमी के बारे में पता चला।
बर्द्धमान (पश्चिम बंगाल), 12 सितंबर: एक मुस्लिम महिला की हत्या के आरोप में उसके भाई और पिता को गिरफ्तार किया गया है। महिला की हत्या उसके घरवालों ने कथित तौर पर हिंदू लड़के से संबंध होने की वजह से कर दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये दोनों बिहार के जमालपुर के रहने वाले हैं और इन्हें सोमवार को पुर्बा बर्दवान जिला पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 31 अगस्त को यहां से 19 किलोमीटर दूर एक खेत से महिला का शव बरामद किया था। महिला का चेहरा पत्थर से कुचला हुआ था।
अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर पर दो नंबर लिखे हुए मिले जिस पर कॉल करने पर उस व्यक्ति का पता चला जिसके साथ उसके संबंध थे। इसके बाद पुलिस मुंबई में इस व्यक्ति के पास पहुंची और उसने महिला के घर का पता एवं परिवार की जानकारी दी।