उत्तराखंड: बीजेपी विधायक महेश नेगी पर बलात्कार का केस दर्ज
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 20, 2020 04:51 PM2020-08-20T16:51:56+5:302020-08-20T16:51:56+5:30
महिला ने दावा किया कि विधायक से उसकी एक बच्ची भी है और उसका डीएनए टेस्ट कर सत्यता का पता लगाया जा सकता है।
उत्तराखंड में सत्ताधारी भाजपा के विधायक महेश नेगी पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाकर प्रदेश की सियासत को गर्मा गया है। देहरादून के एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने कहा है कि मामले में FIR रजिस्टर हो गई है जांच जारी है। जो भी फैक्ट्स सामने आ रहे हैं, जिन भी आरोपों में सत्यता पाई जाएगी उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष ने कहा है कि पहले विधायक की पत्नी ने शिकायत दर्ज करवाई कि मेरे पति से 5 करोड़ रु. फिरौती मांगी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अगर विधायक दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
क्या है मामला?
बता दें कि उत्तराखंड की एक महिला ने राज्य के भाजपा विधायक महेश नेगी पर काफी समय तक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने यहां नेहरू कॉलोनी पुलिस थाने में दी अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि विधायक ने वर्ष 2016 से उसके साथ नैनीताल, दिल्ली, मसूरी तथा देहरादून आदि अलग—अलग स्थानों पर कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
महिला ने दावा किया कि विधायक से उसकी एक बच्ची भी है और उसका डीएनए टेस्ट कर सत्यता का पता लगाया जा सकता है। महिला ने कहा है कि वह अपनी मां की बीमारी के इलाज के सिलसिले में विधायक से मिली थी। इससे पहले, विधायक की पत्नी रीता नेगी ने भी महिला पर अपने पति को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए नेहरू कॉलोनी पुलिस थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया है।
विधायक की पत्नी ने महिला पर पति को बदनाम करने का लगाया आरोप-
विधायक की पत्नी रीता ने आरोप लगाया है कि महिला उनके पति को बदनाम कर रही है। विधायक की पत्नी ने अपनी शिकायत में कहा है कि महिला और उसका परिवार उनके पति को ब्लैकमेल कर पांच करोड रू मांग रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोप लगाने वाली महिला की बच्ची का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है और कहा है कि इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा ।
सिंह ने कहा, ' यह विषय बहुत गंभीर है कि एक विधायक पर एक महिला शारीरिक शोषण का आरोप लगा रही है और इस दरम्यान एक बच्ची का भी जन्म हुआ है । बच्ची का डीएनए टेस्ट कराया जाना चाहिए जिससे मामले की तह तक पहुंचा जा सके ।'