प्रेमी के घर टंकी में मिला प्रेमिका का शव; कई दिनों से महिला थी लापता, आरोपी गिरफ्तार
By अंजली चौहान | Published: June 10, 2023 10:53 AM2023-06-10T10:53:42+5:302023-06-10T10:56:10+5:30
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर उसका शव अपने ही घर में टंकी में छुपाया।

फाइल फोटो
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की हत्या का आरोप उसके ही प्रेमी पर लगा है। जानकारी के मुताबिक, प्रेमिका की हत्या करने के बाद उसके शव को टैंक में छुपाया गया।
मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय महिला जिसकी पहचान राज केसर के रूप में हुई। उसकी हत्या के बाद उसका शव एक निर्माणाधीन घर में टैंक में छुपाया गया था।
पुलिस ने घटना की जानकारी शुक्रवार को दी और बताया कि यमुनापार करछना थाना क्षेत्र के महेवा इलाके में आरोपी अरविंद के घर से राज केसर (35) का शव शुक्रवार को बरामद किया गया।
घटना को लेकर एसएचओ विश्वजीत सिंह ने कहा कि आरोपी अरविंद ने करीब 14 दिन पहले ही महिला की हत्या कर दी थी और उसका शव अपने ही घर के टैंक में छुपा दिया था। घटना का पता तब चला जब 30 मई को केसर के परिवार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच करनी शुरू की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने महिला के फोन की कॉल डिटेल के आधार पर अरविंद को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। इस बीच, मृतका के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच कर रही है।
बता दें कि ये पहली घटना नहीं है। हाल के दिन में देश के कई राज्यों में इस तरह की घटना देखने को मिली है। इसी कड़ी में मुंबई के मीरा रोड स्थित एक 56 वर्षीय प्रेमी ने अपनी 36 वर्षीय प्रेमिका को जान से मार दिया और उसके शव के टुकड़े कर दिया।
कपल एक साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और किसी बात को लेकर लड़ाई होने के बाद प्रेमी ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।