Uttar pradesh: दहेज की मांग नहीं पूरी होने पर ससुराल पक्ष ने बहू को मारी गोली मारकर हत्या की
By भाषा | Published: May 18, 2020 06:25 PM2020-05-18T18:25:37+5:302020-05-18T18:25:37+5:30
गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी में एक और बहू की हत्या कर दी गई। दहेज में कम रकम लाने के कारण और मांग पूरी न करने के कारण ससुराल पक्ष ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी।
नोएडाः गौतमबुद्ध नगर जिले के थाना दादरी क्षेत्र स्थित एस्कॉर्ट कॉलोनी में रहने वाली एक महिला को उसके ससुराल वालों ने दहेज की मांग ना पूरी होने पर गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर को थाना दादरी पुलिस को सूचना मिली कि एस्कॉर्ट कॉलोनी में रहने वाली रचना शर्मा (26 वर्ष) की उसके ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी ना होने पर गोली मार दी है।
महिला को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में गंभीर अवस्था में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतका के परिजनों ने उसके पति विपिन शर्मा, देवर रविंद्र तथा प्रिंस शर्मा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
सिंह ने बताया कि मृतका मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली थी, तथा कुछ वर्ष पूर्व उसकी शादी विपिन शर्मा के साथ हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के समय से ही उसके ससुराल वाले दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे थे। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को पूछताछ के दौरान पता चला है कि मृतका को उसके देवर ने गोली मारी है।
हापुड़ में प्रेमिका की शादी से नाराज युवक ने खुद को मारी गोली,एम्स में भर्ती
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में एक युवक ने प्रेमिका की शादी से नाराज होकर खुद को गोली मार ली। जिसे गंभीर हालत में दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामलें की जांच कर रही है। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के कोटला निवासी आरिफ का किसी लड़की से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार को प्रेमिका की शादी होने से नाराज रात को युवक आरिफ (23) ने तमंचे से अपने सिर में गोली मार ली।
युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस की मदद से घायल युवक को दिल्ली एम्स में गंभीर हालत में उपचार के लिए लाया गया। वहीं अस्पताल में डॉक्टरों को युवक की जेब से एक जिंदा कारतूस भी मिला है। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि प्रेमिका की शादी से नाराज युवक ने गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। पुलिस मामलें की जांच कर रही है।