यूपी: दोहरे हत्याकांड से दहला यूपी का सहारनपुर, सीएम योगी ने किया 5-5 लाख रु. मुआवजे का एलान
By रोहित कुमार पोरवाल | Published: August 18, 2019 04:40 PM2019-08-18T16:40:44+5:302019-08-18T16:55:50+5:30
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दोहरे हत्याकांड ने राज्य सरकार और पुलिस की नींद उड़ा दी है। इलाके में एक पत्रकार और उसके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सीएम योगी ने मुआवजे का एलान किया है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार (18 अगस्त) सुबह डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। समाचार पत्र दैनिक जागरण के स्थानीय पत्रकार आशीष और उनके छोटे भाई आशुतोष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। इलाके भारी तनाव है। मृतकों के पड़ोसी महिपाल सिंह पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। कहा जा रहा है कि आरोपी गिनती इलाके के दबंगों में है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर हालात का सामान्य करने की कोशिश की। दोहरे हत्याकांड का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है, साथ ही मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता पहुंचाने का एलान किया है।
दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक, आशीष और उसके पड़ोसी महिपाल सिंह के बीच विवाद गोबर के फैलने से हुआ था। मृतक के परिवार और आरोपी के घर में गायें हैं। बारिश के कारण गोबर फैल गया था। आरोप है कि महिपाल सिंह ने आशीष के घरवालों पर गोबर फैलाने का आरोप लगाते हुए उसकी मां से अभद्रता की। पड़ोसी की कथित बदतमीजी का विरोध करने के लिए आशीष और उसका भाई आगे आया। कहासुनी हिंसक घटना में बदल गई। आरोपी महिपाल सिंह ने कथित तौर पर पहले आशीष और उसके भाई पर लाठी से प्रहार किया और फिर उनके घर में घुसकर चमंसे से गोली मार दी।
Chief Minister Yogi Adityanath anounce ex-gratia amount of Rs 5 lakh each to the kin of the journalist and his brother, who were shot dead in Saharanpur, today. (file pic) pic.twitter.com/wH1aXBTk2Y
— ANI UP (@ANINewsUP) August 18, 2019
अखबार की खबर के मुताबिक, वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपने लड़के को साथ लेकर और तमंचा लहराते हुए मौके फरार हो गया। वारदात से हड़कंप मचने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के घर से दो औरतों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी को दबोचने के लिए दबिश दे रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमे गठित की हैं।