'अगला नंबर तेरा है', कमलेश तिवारी के बाद इस हिंदू नेता को मिली जान से मारने की धमकी, मायावती की मूर्ति तोड़ आए थे सुर्खियों में
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 21, 2019 04:37 PM2019-10-21T16:37:10+5:302019-10-21T16:37:10+5:30
अमित जानी लखनऊ में मायावती की मूर्ति तोड़कर रातों रात सुर्खियां में आ गया था। अमित जानी उत्तर प्रदेश का एक कुख्यात माफिया है।
हिंदू समाज पार्टी के नेता कमलेश तिवारी की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश के नोएडा में अमित जानी को अब जान से मारने की धमकी मिली है। इनको पत्र लिखकर जान से मारने की धमकी मिली है। अमित जानी उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की मूर्ति तोड़कर सुर्खियों में आए थे। पुलिस को जैसे ही इस बात की सूचना मिली है, उन्होंने जांच शरू कर दी है। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ये धमकी भरा पत्र कहां से आया है। 18 अक्टूबर 2019 को लखनऊ में हिंदू महासभा के नेता कमलेश तिवारी की गला रेतकर और गोली मारकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी।
अमित जानी को धमकी भरे पत्र में लिखा हुआ है, अब कमलेश तिवारी के बाद नोएडा में तुम्हारा ही अगला नंबर है। अमित जानी के घर एक नकाबपोश महिला ये पत्र देने आई थी। खबर के मुताबिक नोएडा में हिंदू नेता अमित जानी के घर पर एक नकाबपोश महिला घर के गार्ड को पत्र देकर चली गई। महिला ऑटो में सवार होकर आई थी।
पत्र के मिलने के बाद अमित जानी ने नोएडा के सेक्टर 20 में एफआईआर दर्ज करवाया। पुलिस इलाके की सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस ने अमित जानी को कहीं से आने-जाने के लिए मना कर दिया है। साथी पुलिस ने उन्हें सुरक्षा भी दी है।
अमित जानी लखनऊ में मायावती की मूर्ति तोड़कर रातों रात सुर्खियां में आ गया था। अमित जानी उत्तर प्रदेश का एक कुख्यात माफिया है। महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों पर हो रहे हमलों को देखते हुए अमित जानी ने उत्तर प्रदेश नव निर्माण सेना का गठन किया था।