कानपुर से भागा विकास दुबे उज्जैन में हुआ गिरफ्तार, महाकाल मंदिर में ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
By विनीत कुमार | Published: July 9, 2020 09:52 AM2020-07-09T09:52:43+5:302020-07-09T10:16:12+5:30
कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या की साजिश का आरोपी विकास दुबे गुरुवार सुबह उज्जैन के महाकाल मंदिर में पकड़ा गया। मंदिर के सुरक्षा एजेंसी ने उसे पहचाना और फिर पकड़ कर पुलिस के हवाले किया।
कानपुर में एक एनकाउंटर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या की साजिश रचने का आरोपी विकास दुबे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे उज्जैन में गरुवार सुबह गिरफ्तार किया गया। पुलिस पिछले कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी और उस पर पांच लाख रुपये के इनाम घोषित था।
लोकमत संवाददाता बृजेश परमार के अनुसार विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से पकड़ा गया है। महाकाल मंदिर की सुरक्षा एजेंसी ने उसे पकड़ा और फिर पुलिस को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार महाकाल थाने से पुलिस उसे अज्ञात स्थान पर लेकर गई है।
कानपुर शूटआउट का मास्टरमाइंड विकास दुबे गिरफ्तार, महाकाल मंदिर से अज्ञात स्थान पर ले गई पुलिस#VikashDubey#KanpurShootout#ujjain#MadhyaPradeshpic.twitter.com/l2CDMcgwDa
— लोकमत हिन्दी (@LokmatNewsHindi) July 9, 2020
इससे पहले आज सुबह विकास के दो और गुर्गे पुलिस द्वारा मारे गए। कानपुर के बिकरु कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे का करीबी साथी और इनामी बदमाश प्रवीण उर्फ बाबा दुबे इटावा में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। वहीं एक अन्. साथी कानपुर में मारा गया। कानपुर में मारे गए शख्स का नाम प्रभात मिश्रा था और पुलिस की हिरासत में था। पुलिस के अनुसार वह भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान मुठभेड़ में मारा गया।
#WATCH Madhya Pradesh: After arrest in Ujjain, Vikas Dubey confesses, "Main Vikas Dubey hoon, Kanpur wala." #KanpurEncounterpic.twitter.com/bIPaqy2r9d
— ANI (@ANI) July 9, 2020
पिछले कई दिनों से चकमा दे रहा था विकास
पुलिस ने बुधवार को भी विकास के बेहद करीबी अमर दुबे को हमीरपुर में एक मुठभेड़ में मार गिराया था। विकास के कल हरियाणा के फरीदाबाद में होने की खबर आई थी। पुलिस ने बताया कि विकास दुबे भी पांच जुलाई से फरीदाबाद में ही था लेकिन छापेमारी से पहले वह वहां से जा चुका था।
मुठभेड़ के सिलसिले में फरीदाबाद में गिरफ्तार किए गए विकास दुबे के तीन सहयोगियों में से एक श्रवण के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की भी पुष्टि हुई है। गौरतलब है कि कानपुर में पिछले सप्ताह हुई मुठभेड़ में एक पुलिस उपाधीक्षक सहित आठ पुलिसकर्मी मारे गए थे। विकास दुबे इस कांड का मुख्य आरोपी है जिस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।