उत्तर प्रदेश: 23 साल से धरना दे रहे शिक्षक पर कलेक्ट्रेट के बाहर अंतर्वस्त्र लटकाने का आरोप, मुकदमा दर्ज
By भाषा | Published: September 21, 2019 03:26 PM2019-09-21T15:26:57+5:302019-09-21T15:26:57+5:30
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दो दशक से भी ज्यादा समय से धरना कर रहे एक शिक्षक के खिलाफ महिला की गरिमा का अपमान करने संबंधी आईपीसी की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिक्षक पर आरोप है कि उसने कलेक्ट्रट के बाहर अंतर्वस्त्र लटका दिए थे।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पिछले करीब 23 वर्षों से धरने पर बैठे एक शिक्षक के खिलाफ कलेक्ट्रेट के बाहर अंतर्वस्त्र लटकाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। शिक्षक एक पूर्व विधायक द्वारा कथित तौर पर जमीन हड़पने को लेकर धरना दे रहे हैं।
थाना प्रभारी समयपाल अत्री ने कहा कि कलेक्ट्रेट के नजारत प्रभारी संजय कुमार की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 509 (शब्द, संकेत या कृत्य, जिसका उद्देश्य महिला की गरिमा का अपमान करना हो) के तहत शिक्षक विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
खबरों के मुताबिक अधिकारियों द्वारा सिंह से धरना खत्म करने और उन्हें कलेक्टरेट परिसर से हटने के लिए कहने पर उन्होंने धरने की जगह को बदल दिया है।
शिक्षक ने 26 फरवरी, 1996 से धरना शुरू किया था। वह एक पूर्व विधायक द्वारा कथित तौर पर जमीन हड़पने के विरोध में धरना दे रहे हैं।