फूफा ने रिश्ते को किया शर्मसार, भतीजी को कई दिनों तक बनाता रहा हवस का शिकार, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात
By एस पी सिन्हा | Published: June 7, 2021 07:41 PM2021-06-07T19:41:45+5:302021-06-07T19:47:14+5:30
बिहार के पटना जिले में रिश्ते को शर्मसार करते हुए फूफा ने अपनी भतीजी से बलात्कार किया। इतना ही नहीं फूफा ने भतीजी के गर्भवती होने पर उसका गर्भपात भी करा दिया।
बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों का शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लडकी ने अपने फूफा के ऊपर बलात्कार का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि वह काम के सिलसिले में कई दिनों से अपने फूफा के यहां बाढ़ आकर रहती थी। इस दौरान उसका फूफा अक्सर उसे अपने हवस का शिकार बनाता रहा।
कई बार उसने यौन शोषण की घटना को अंजाम दिया। वहीं, मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित नाबालिग बच्ची मूल रूप से नालंदा जिले की रहने वाली है, जो अपने फूफा के यहां पटना जिले के बाढ थाना अंतगर्त एक गांव में रहती थी। एक दिन जब बच्ची अपने फूफा के शिकंजे से छूटी तो वह सीधे थाने पहुंची और उसने पूरी आपबीती पुलिस को बताई।
उसने बताया कि किस तरह उसका फूफा उसके साथ कुकृत्य करता रहा। पीड़िता ने बताया है कि उसके फूफा 31 वर्षीय गोपाल प्रसाद की पत्नी को कुछ दिनों पहले प्रसव होना था। उसकी देखरेख के लिए उसने नालंदा जिले के हरनौत इलाके से अपनी 16 वर्षीय नाबालिग भतीजी को घर बुला लिया। जब पत्नी को सकुशल बच्चा हो गया तो कुछ दिन और सेवा के बहाने उसे रोक लिया और कुछ दिनों बाद पत्नी को मायके भेज दिया।
नाबालिग को अपने पास रखे रहा और उसे हर दिन हवस का शिकार बनाया। नाबालिग जब गर्भवती हो गई तो उसका गर्भपात करा दिया। इस दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। जब वह कुछ ठीक हुई तो किसी तरह से फूफा के चंगुल से भागकर घर गई और मां को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। वहीं, बच्ची शिकायत करने बाढ थाने के लिए निकल पड़ी तो पीछे-पीछे मां भी गई।
बाढ थाने में फूफा गोपाल प्रसाद के खिलाफ लिखित मामला दर्ज कराया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं, मेडिकल के बाद लडकी को उसकी मां के साथ सकुशल हरनौत भेज दिया गया है।