झारखंड: दो युवकों की बेरहमी से हत्या करके लड़कियों को उठा ले गए बदमाश, जांच में जुटी पुलिस

By एस पी सिन्हा | Published: October 30, 2018 12:59 AM2018-10-30T00:59:27+5:302018-10-30T00:59:27+5:30

अज्ञात अपराधियों ने दोनों को बेरहमी से पत्थर से कूचकर मार डाला और दोनों युवकों की हत्या करने के बाद उनकी प्रेमिकाओं का अपहरण कर लिया।

Two people killed and 2 girls kidnapped in jharkhand | झारखंड: दो युवकों की बेरहमी से हत्या करके लड़कियों को उठा ले गए बदमाश, जांच में जुटी पुलिस

झारखंड: दो युवकों की बेरहमी से हत्या करके लड़कियों को उठा ले गए बदमाश, जांच में जुटी पुलिस

 झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के तारागुट्टू अंबाटोली गांव में अपराधियों के द्वारा दो युवतियों के अपहरण कर लिये जाने और दो युवकों को कुचल कर मार दिये जाने का मामला प्रकाश में आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात अपराधियों ने दोनों को बेरहमी से पत्थर से कूचकर मार डाला और दोनों युवकों की हत्या करने के बाद उनकी प्रेमिकाओं का अपहरण कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से लडकियों के चप्पल, गले की माला, कपडे व एक क्षतिग्रस्त हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। मृतकों की पहचान महुआटोली कुहीपाट गांव के पुनई उरांव (20) व मंगलदेव उरांव (22) के रूप में हुई है।

दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के शुरुआती अनुसंधान में कहा गया है कि दोनों युवकों की हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला है। अपराधियों ने युवकों की हत्या करने के बाद गलत नीयत से दो लडकियों का भी अपहरण किया है।

थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार महतो ने कहा कि पुलिस दोनों लडकियों की सकुशल बरामदगी के लिए छापामारी अभियान चला रही है। बताया जा रहा है कि घाघरा इलाके में अभी करमा पर्व मनाया जा रहा है। पुनई व मंगलदेव दोनों दोस्त हैं। ये दोनों एक बाइक से अपने घर से करमा पर्व मनाने निकले थे। मृतक पुनई का भाई बासु उरांव व मंगलदेव के पिता गनसा उरांव ने बताया कि दोनों युवकों को अंतिम बार गुनिया गांव में देखा गया था।

उस समय उन दोनों के साथ दो लडकियां भी थीं। इसके बाद आज सुबह को परिजनों व ग्रामीणों को पता चला कि तारागुटू अंबाटोली गांव के मोड़ के समीप दो युवकों के शव पडे हैं। परिजन पहुंचे, तो देखा कि दोनों शव पुनई व मंगलदेव के हैं। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

मंगलदेव की बहन ने बताया कि दोनों रविवार को करमा पर्व को लेकर घर से निकले थे। लेकिन जब उसने दोनों को फोन किया, तो दोनों ने गुनिया गांव में होने की बात कही थी। लेकिन जब दोबारा फोन किया तो एक लडकी फोन उठाई थी। हालांकि उसने अपना नाम नहीं बताया।

मंगलदेव के पिता ने कहा कि आज सुबह उन्हें हत्या की सूचना मिली। दोनों आपस में चाचा-भतीजा थे। घटनास्थल से युवती का सैंडल बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा की यह इलाका काफी शांति प्रिय था। लेकिन हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। ग्रामीणों का मानना है कि पुलिस की सक्रियता कम होने से अपराधियों का मनोबल बढा है। फिलहाल हत्या के संबंध में स्पष्ट कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। लेकिन बरामद सैंडल के जरिये पुलिस सुराग ढूंढने में लगी है। पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है।
 

Web Title: Two people killed and 2 girls kidnapped in jharkhand

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे