Love In The Time Of Corona: प्रेमिका से मिलने के लिए क्वारंटाइन से फरार हुआ प्रेमी, जानें फिर क्या हुआ
By अनुराग आनंद | Published: March 28, 2020 04:27 PM2020-03-28T16:27:47+5:302020-03-28T16:27:47+5:30
मदुरै जिले में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए 24 साल का एक युवक क्वारंटाइन से फरार हो गया है।
मदुरै: देश भर में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार व आम लोगों के लिए इस बीमारी को हराकर सुरक्षित बचना एक चुनौती बना हुआ है। लेकिन, इन सबके बावजूद लोग गैर जिम्मेदाराना हरकत करने से बाज नहीं आते हैं।
खबर है कि तमिलानडु के मदुरै जिले में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए 24 साल का एक युवक क्वारंटाइन से फरार हो गया है। 23 साल का यह व्यक्ति जो कुछ दिन पहले ही दुबई से लौटा था और मदुरै के एक सरकारी अस्पताल में इसे क्वारंटाइन किया गया था।
बुधवार को एक दूरदराज गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए वह वहां से भाग गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "संभवतः, प्रेमिका के घर के आसपास के लोगों ने उसे पहले एक सफाई कर्मी समझा, क्योंकि उसका चेहरा मास्क से ढका हुआ था।
द हिन्दू की रिपोर्ट की मानें तो पूछताछ के दौरान, उस शख्स ने पुलिस को बताया कि लड़की के माता-पिता उनके रिश्ते के खिलाफ थे और इसलिए वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए भाग गया था।
हलांकि,शिवगंगा जिले में पुलिस ने उसे लड़की के घर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। इस शख्स पर केस भी दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वह व्यक्ति अपनी प्रेमिका के साथ विवाह करने के लिए ही भारत आया था क्योंकि उसके माता-पिता ने 30 मार्च को उसकी शादी किसी अन्य व्यक्ति के साथ कर दी थी। गांव में परिवार के सदस्यों की तालाश और सतर्कता के बावजूद वह व्यक्ति लड़की को बाहर लाने में कामयाब रहा। अपने दोस्तों की मदद से उनके निवास स्थान पर पहुंच गए।
इस बीच, अस्पताल में एक स्वास्थ्य अधिकारी ने मदुरै सिटी पुलिस के पास उस शख्स के गायब होने की एक शिकायत दर्ज की और पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारी की एक टीम ने उसे लड़की के घर के पास से दबोच लिया और उसे अस्पताल वापस ले आया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "आदमी का दावा है कि उसने लड़की से शादी कर ली है।" लड़की को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।