पटना में सपा नेता के बेटे को 8 से 10 लोगों ने सरेआम गोलियों से भूना, मामूली सी बात पर कर दी हत्या
By पल्लवी कुमारी | Published: November 19, 2019 09:08 AM2019-11-19T09:08:07+5:302019-11-19T09:08:07+5:30
समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव देवेंद्र सिंह यादव ने बेटे की हत्या पर कहा कि रविवार को 8 से 10 लोग आए और उनके बेटे को अचानक गोलियों से भून डाला।
बिहार की राजधानी पटना के बाईपास थाना इलाके में समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव देवेंद्र सिंह यादव के छोटे बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हत्या के बाद से इलाके में हड़कंप है। देवेंद्र सिंह यादव के छोटे बेटे का नाम रवि (21 वर्षीय) है। इस हत्या के बाद लोगों ने प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेजा। इस मामले में मृतक के पिता की ओर से आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
स्थानीय अखबार हिन्दुस्तान के मुताबिक समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव देवेंद्र सिंह यादव ने बेटे की हत्या पर कहा कि रविवार को 8 से 10 लोग आए और उनके बेटे को अचानक गोलियों से भून डाला। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बड़े बेटे की शादी होने वाली है। 19 नंवबर को तिलक है। हत्या के वक्त हम लोगों को पता नहीं चला क्योंकि हम शादी की तैयारियों में बिजी थे।
इलाके के गुस्साए लोगों ने सड़को पर जाम लगाया और आसपास खड़ी गाड़ियों में भी आग लगा दी। इस कारण सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल मौके पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए हवाई फायरिंग और लाठी चार्ज भी किया।
मामूली सी बात पर की गई हत्या
बाइपास थाना क्षेत्र के रानीपुर पैजावा इलाके में रविवार की सुबह करीब 10 बजे सपा नेता देवेन्द्र सिंह यादव का बेटा रवि घर से सफारी कार लेकर बाहर निकला था। तभी गली से गुजर रहे नौलखा की बाइक कार से टकरा गयी। इस बात को लेकर दोनों लोगों में काफी विवाद हुआ। हालांकि उस वक्त आसपास के लोगों ने मामला शांत करवा दिया। लेकिन कुछ घंटे बाद गुस्से में नौलखा आठ-दस साथियों के साथ आया और रवि को रोककर उसके सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर उसके घर वाले बाहर आए तो देखा उनका बेटा सड़क पर गिरा हुआ था। रवि को उस हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।