पटना के शेल्टर होम से फरार हुईं चार लड़किया, सर्च में जुटी पुलिस
By एस पी सिन्हा | Published: November 11, 2018 03:38 PM2018-11-11T15:38:22+5:302018-11-11T15:38:22+5:30
लड़कियों के भागने की सूचना के बाद आश्रय गृह में हडकंप मच गया है। पुलिस को खबर लगते ही पूछताछ शुरू कर दी गई है। इ
बिहार का आश्रय गृह एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। राजधानी पटना के आश्रय गृह की सुरक्षा की स्थिति एक बार फिर से सामने आ गई है, यहां आशा किरण आश्रय गृह से चार नाबालिग लडकियां फरार हो गईं। घटना राजधानी के पाटलिपुत्र कॉलोनी इलाके की है। फरार होने वाली चारों लडकियां बिहार के बाहर की रहने वाली हैं। आश्रय गृह से जैसे लडकियां भागी हैं, उस तरीके से हर कोई हैरान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात आश्रय गृह से भागने के लिए लड़कियों ने खिड़की का सहारा लिया। इसके लिए उन्होंने खिड़की की ग्रिल में दुपट्टा बांधा और उसी के सहारे नीचे आकर भाग निकलीं। घटना की खबर आश्रय गृह के कर्मचारियों तक को नहीं हुई। सूचना मिलने के बाद पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही लडकियों का पता लगा लिया जाएगा।
लडकियों के भागने की सूचना के बाद आश्रय गृह में हडकंप मच गया है। पुलिस को खबर लगते ही पूछताछ शुरू कर दी गई है। इसके लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी टीएन तिवारी ने बताया कि आश्रय गृह के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। आश्रय गृह से फरार चारों लडकियां नाबालिग हैं। एक की उम्र 12 तो तीन 16 साल की हैं। पुलिस का कहना है कि अक्टूबर में इन्हें आश्रय गृह लाया गया था।
पूर्व में भी राजीव नगर थाना क्षेत्र के नेपाली नगर में स्थित आसरा गृह से चार लडकियों ने खिडकी के रास्ते से फरार होने का प्रयास किया था, लेकिन वे चारों भागने में कामयाब नहीं हुईं थीं। घटना के दो माह बाद फिर इसी आसरा गृह से दो लडकियां भागने में कामयाब हुईं थीं। इसमें एक युवती दानापुर थाना क्षेत्र में मिली थी, जबकि दूसरी का आज तक कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद से ही आश्रय गृह की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया था। वहीं, लडकियों को पकडने के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आस-पास के इलाके में लगी सीसीटीवी का का भी सहारा ले रही है। बताया जा रहा है कि खिडकी से एक-एक कर उतरी लड़कियों को किसी ने भी नहीं देखा। घटना से आश्रय गृह के कर्मचारी सन्न हैं। पुलिस इस घटना में किसी की मिलीभगत के एंगल से भी जांच पडताल कर रही है।