मुंबईः खुद को सेना का जवान बताकर शख्स ने की थी पीएम मोदी की रैली में घुसने की कोशिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: January 21, 2023 11:08 AM2023-01-21T11:08:55+5:302023-01-21T11:11:53+5:30
आरोपी ने खुद को सेना की "गार्ड्स रेजिमेंट" का नाईक बताकर उच्च सुरक्षा वाले वीवीआईपी इलाके में घुसने की कोशिश की।
मुंबई: मुंबई पुलिस ने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रैली स्थल से एक शख्स को गिरफ्तार किया है जो खुद को सेना का जवान बताकर रैली में प्रवेश करने की कोशिश किया था। पुलिस ने बताया कि शख्स नवी मुंबई का रहने वाला है। पीएम मोदी के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) पहुंचने से 90 मिनट पहले फर्जी सेना के जवान का गिरफ्तार किया।
आरोपी ने खुद को सेना की "गार्ड्स रेजिमेंट" का नाईक बताकर उच्च सुरक्षा वाले वीवीआईपी इलाके में घुसने की कोशिश की। आरोपी की पहचान विज्ञान स्नातक रामेश्वर मिश्रा के रूप में हुई है, जिसे मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने दोपहर करीब 3 बजे संदेह के आधार पर रोका था।
मुंबई पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 171, 465, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को शुक्रवार को बांद्रा कोर्ट में पेश किया गया और उसे 24 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 19 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में कई विकास पहलों का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम ने मुंबई में करीब 38,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।