मुंबई: बेटी को 3 हिस्सों में काट सूटकेस में भर ठिकाने लगाने की कोशिश का भंडाफोड़, आरोपी पिता गिरफ्तार
By रोहित कुमार पोरवाल | Published: December 10, 2019 03:54 PM2019-12-10T15:54:59+5:302019-12-10T16:06:32+5:30
पुलिस के मुताबिक, पिता ने बेटी के एक युवक के साथ प्रेम संबंध के चलते उसकी हत्या कर दी।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण इलाके में सोमवार (9 दिसंबर) को एक सूटकेस से एक लड़की लाश बरामद हुई थी। लड़की के शव को बेरहमी से तीन हिस्सों में काटा गया था और इसे ठिकाने लगाने के लिए ले सूटकेस में जाया जा रहा था। शव से सिर गायब था। मामला सामने आने के बाद से पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की कोशिश कर रही थी। अब मुंबई पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ कर रही है। यह शख्स उस लड़की का पिता बताया जा रहा है जिसकी लाश सूटकेस में मिली थी।
टीओआई की खबर के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि आरोपी 47 वर्षीय अरविंद टिटवाला मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर का रहने वाला लेकिन वह महाराष्ट्र में रहता है। उसकी चार बेटियां हैं। चार महीने पर उसकी 22 वर्षीय बेटी प्रिंसी जौनपुर से पुणे आई थी और एक प्राइवेट फर्म में क्लर्क की नौकरी कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, पिता ने बेटी के एक युवक के साथ प्रेम संबंध के चलते उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, शख्स को डर था कि उसकी बेटी के प्रेम प्रसंग के कारण बाकी बेटियों की शादी में दिक्कत आएगी। इस बात को लेकर पिता और बेटी में कहासुनी होती थी और एक दिन पिता ने बेटी की हत्या कर दी।
प्रिंसी की हत्या कर उसके शव को एक सूटकेस में भरकर कल्याण रेलवे स्टेशन से एक ऑटोरिक्शा में ले जाया जा रहा था। सूटकेस में से बदबू आने पर ऑटो रिक्शा चालक को कुछ गड़बड़ समझ आई और उसने शख्स से पूछा। इस पर शख्स मौके फरार हो गया।
ऑटो चालक ने अन्य साथियों को जमा कर सूटकेस खोला तो होश फाख्ता रह गए। सूटकेस में बेरहमी से काटी गई बिना सिर की लड़की लाश थी।
सूचना पाकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और कल्याण रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आखिर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल हुई। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिफ्तार कर लिया।