मुंबईः 22 वर्षीय एमबीबीएस छात्रा सदिच्छा साने की हत्या, आरोपी के आवास से जब्त की गई फ्लोटिंग ट्यूब पर खून के धब्बे मिले, जानें मामला
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 4, 2023 08:42 PM2023-02-04T20:42:58+5:302023-02-04T20:43:50+5:30
पुलिस के अनुसार, सिंह के साथ झगड़े के दौरान बांद्रा बैंडस्टैंड में चट्टानों पर गिरने से साने की मौत हो गई थी, जिसके बाद मिट्ठू सिंह ने एक फ्लोटिंग ट्यूब से उसके शरीर को समुद्र में ढकेल दिया था।

पहचान और अन्य विवरण के लिए खून के धब्बों का साने के परिजनों से मिलान किया जाएगा।
मुंबईः मुंबई में 22 वर्षीय एमबीबीएस छात्रा सदिच्छा साने की हत्या के आरोपी के आवास से जब्त की गई फ्लोटिंग ट्यूब पर खून के धब्बे पाए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा साने नवंबर 2021 में लापता हो गई थी और लाइफगार्ड के रूप में काम करने वाले मिट्ठू सिंह को पिछले महीने एक और व्यक्ति के साथ गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, सिंह के साथ झगड़े के दौरान बांद्रा बैंडस्टैंड में चट्टानों पर गिरने से साने की मौत हो गई थी, जिसके बाद मिट्ठू सिंह ने एक फ्लोटिंग ट्यूब से उसके शरीर को समुद्र में ढकेल दिया था। अधिकारी ने बताया कि जांच दल ने पंचनामा के दौरान सिंह के आवास से फ्लोटिंग ट्यूब और घटना की रात उसके द्वारा पहने गए कपड़े जब्त किए।
उन्होंने बताया चट्टानों पर गिरने के दौरान साने के माथे पर लगी चोट से खून के धब्बे फ्लोटिंग ट्यूब पर पाए गए हैं और यह आरोपी को पकड़ने के लिए पुख्ता सबूत हो सकता है। अधिकारी ने बताया जांच के तहत पहचान और अन्य विवरण के लिए खून के धब्बों का साने के परिजनों से मिलान किया जाएगा।
मुंबई पुलिस और नौसेना की टीम ने साने के शव का पता लगाने के लिए बांद्रा बैंडस्टैंड के साथ समुद्र में पहले तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सिंह मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद है, जबकि एक और व्यक्ति को 15 जनवरी को हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।
आगरा : महिला से दुष्कर्म के आरोप में अधिवक्ता गिरफ्तार
आगरा में महिला से दुष्कर्म के आरोप में एक अधिवक्ता को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला ने जनवरी के शुरू में अधिवक्ता प्रकाश नारायण शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म, छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला शुक्रवार को पुलिस आयुक्त से मिलकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। न्यू आगरा थाना के निरीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार अधिवक्ता को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली महिला और आरोपी अधिवक्ता के बीच चार जनवरी को दीवानी परिसर में मारपीट हुई थी। पांच जनवरी को दोनों ने अलग-अलग तहरीर दी। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति के खिलाफ अदालत में मुकदमा चल रहा था जिसमें अधिवक्ता शर्मा उसका पक्ष रख रहे थे।
शिकायत के मुताबिक लॉकडाउन के दौरान अधिवक्ता उसके घर आए और पत्नी से विवाद का हवाला देकर कुछ दिन रहने की बात की। महिला का आरोप है कि अधिवक्ता ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया, आपत्तिजनक वीडियो बनाया और अश्लील संदेश भेजता था।
पुलिस उपायुक्त नगर जोन विकास कुमार ने बताया कि अधिवक्ता प्रकाश नारायण शर्मा को न्यू आगरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ अभियोग दर्ज है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।