मेरठ: 8 साल की बच्ची के साथ 16 साल के लड़के ने किया दुष्कर्म, हिरासत में आरोपी किशोर
By भाषा | Published: October 3, 2020 07:18 AM2020-10-03T07:18:23+5:302020-10-03T07:18:23+5:30
मेरठ में 8 साल की बच्ची के साथ मकान मालिक के रिश्तेदार ने रेप की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही आठ साल की बच्ची के साथ पड़ोस के एक किशोर ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने किशोर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) नगर अखिलेश नारायण सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कल रात करीब आठ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर पड़ोस में रहने वाली एक बच्ची को बहला फुसलाकर ले गया और घर की छत पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
किशोरी की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की और उसके घर पर दबिश दी। बाद में किशोर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
12 वर्षीय बच्ची से बलात्कार के आरोप में चाचा गिरफ्तार
उधर, झारखंड के खूंटी जिले में 12 वर्षीय एक बच्ची से बलात्कार के आरोप में उसके चाचा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घटना मुरहू थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की शाम हुई। आरोपी अपने घर के बाहर खेल रही बच्ची और उसके छोटे भाई को बहला-फुसलाकर पास की एक निर्माणाधीन इमारत में ले गया और वहां बच्ची के साथ बलात्कार किया।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर बच्ची के चाचा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई और 32 वर्षीय आरोपी को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया।