दिल्ली में लाल किला के पास महिला के साथ रेप, वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता की बेटी को किया अगवा
By पल्लवी कुमारी | Published: July 30, 2020 07:30 AM2020-07-30T07:30:09+5:302020-07-30T07:30:09+5:30
एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में महिलाओं के प्रति कोरोना वायरस लॉकडाउन के दौरान आपराधिक घटनाएं कम हुईं थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ गई हैं।
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में लाल किला (उत्तरी दिल्ली) के पास एक पार्क में एक 23 साल की महिला के साथ रेप किया गया है। महिला के साथ रेप करने के बाद आरोपी उसकी बेटी को अगवा कर लिया था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर महिला की बच्ची की छुड़ा लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला और और आरोपी दोनों ही बेघर हैं।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी और पीड़िता दोनों बेघर हैं और एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस ने मुताबिक घटना पिछले शनिवार की है। शनिवार को महिला को एक शख्स ने सिर से खून बहता देख पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन किया था। पुलिस सूचना पाकर वहां पहुंची थी।
महिला को घायल अवस्था पुलिस अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों के पीड़िता ने अपने साथ रेप होने की घटना के बारे में बताया। जिसके बाद महिला ने पुलिस को शिकायत की। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे रेप किया और विरोध करने पर उसके सिर पर पत्थर से मारा। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसकी बेटी का अपहरण कर ले भागा है। हालांकि पुलिस बाद में बच्ची को खोजने में भी सफल रही। फिलहाल पीड़ित महिला और बच्ची दोनों सुरक्षित हैं।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मोनिका भारद्वाज ने कहा, घटना शनिवार को हुई थी। हमने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।