बिहारः महिला से छेड़छाड़ करने वाले युवक को जमकर पीटा, फिर जूतों की माला डालकर गांव में घुमाया
By एस पी सिन्हा | Published: October 10, 2018 05:14 AM2018-10-10T05:14:26+5:302018-10-10T05:14:26+5:30
प्राप्त जानकारी के अनुसार घर में घुस कर छेड़खानी किये जाने की घटना से ग्रामीण इतने आक्रोशित थे कि सनपुर-कोकनी पथ को पांच घंटे तक जाम रखा।
बिहार के समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाने के एक गांव में शराब के नशे में कतिपय युवकों ने एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ व उसकी बेटी के साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, घटना के बाद छेड़खानी का आरोपित युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को पहले पीटा। उसके बाद सिर मुड़ाकर गले में जूते की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घर में घुस कर छेड़खानी किये जाने की घटना से ग्रामीण इतने आक्रोशित थे कि सनपुर-कोकनी पथ को पांच घंटे तक जाम रखा। घटना को लेकर पीड़िता ने हसनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए छह युवकों को आरोपित किया है।
बताया जाता है कि सात अक्टूबर की शाम हसनपुर गांव के छह युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान एक राहगीर वहां से गुजर रहा था। शराब पी रहे युवकों ने उसे मारना शुरू कर दिया। राहगीर अपनी जान बचाने के लिए भागकर पीड़ित महिला के घर में घुस आया। राहगीर का पीछा करते हुए सभी युवक महिला के घर तक पहुंच गये।
पीड़िता ने युवकों का विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट करने लगे। पीडिता भागकर अपने घर में घुस गई। नशे की हालत में सभी युवक पीडिता के घर में घुसकर मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिये।
पीड़िता की पुत्री के साथ भी गलत हरकत करने लगे। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को पहले पीटा। उसके बाद सिर मुडा कर गले में जूते की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। मामला पुलिस की जानकारी में आने के बाद अब पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।