नाबालिग बेटी को नशीली दवा पिला कर पिता एक साल से कर रहा था रेप, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
By भाषा | Published: November 9, 2018 03:21 PM2018-11-09T15:21:37+5:302018-11-09T18:41:58+5:30
ये घटना महाराष्ट्र के ठाणे जिले की है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार), 506 (आपराधिक डराना धमकाना) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण(पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना में एक पिता को अपनी ही नाबालिग बेटी का कई बार बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भिवंडी के पद्मा नगर इलाके में 16 साल की एक लड़की ने अपने 50 वर्षीय पिता पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ जब घर के अन्य लोग सो जाते थे तो वह लड़की को नशीली दवा पिला कर उसका यौन उत्पीड़न करता था। वह अक्टूबर 2017 से ही उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।’’
पुलिस सूत्रों ने कहा कि वह लड़की को धमकी देता था कि अगर उसने मुंह खोला तो वह उसकी मां और भाई बहनों को जान से मार देगा। किसी तरह लड़की साहस बटोर कर पुलिस तक पहुंची और बृहस्पतिवार को शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुये भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार), 506 (आपराधिक डराना धमकाना) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण(पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यूपी के बलिया में आठ साल के बच्चे की हत्या
बलिया (उ.प्र.), नौ नवम्बर (भाषा) जिले के गड़वार क्षेत्र में लक्ष्मी पूजन देखने गए आठ साल के एक बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी गयी।
पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने आज बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र के सवन नहर पुलिया के पास बृहस्पतिवार की शाम एक खेत में आठ वर्षीय बच्चे आशू का शव मिला। नगरा थाना क्षेत्र के खारी गांव का रहने वाला आशू दिन में घर से लक्ष्मी पूजन देखने निकला था।
उन्होंने बताया कि आशू के पिता शिव बहादुर ने कल नगरा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है कि लड़के की गला घोंटकर हत्या की गयी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारम्भिक छानबीन में घटना के पीछे रंजिश को कारण माना जा रहा है। इस मामले में बालक के चचेरे भाई पर ही हत्या का शक है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।