केरल में 17 साल की लड़की ने यूट्यूब वीडियो देखते हुए बच्चे को दिया जन्म, घर में माता-पिता को नहीं थी बेटी की प्रेगनेंसी की जानकारी
By विनीत कुमार | Published: October 28, 2021 11:42 AM2021-10-28T11:42:55+5:302021-10-28T11:42:55+5:30
केरल के मल्लापुरम जिले में 17 साल की एक लड़की ने अकेले कमरे में बद होकर बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के तीन दिन बाद लड़की के माता-पिता को इस संबंध में जानकारी मिली।
केरल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां 17 साल की एक लड़की ने अपने घर पर यूट्यूब वीडियो देखते हुए बच्चे को जन्म दिया। लड़की के प्रेग्नेंट होने की जानकारी माता-पिता को भी नहीं थी।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार ये पूरा मामला केरल के मल्लापुरम जिले का है। लडकी ने 20 अक्टूबर को अपने कमरे में बच्चे जन्म दिया। इसके बाद वह तीन दिन तक अपने कमरे में ही बंद रही।
लड़की की मां ठीक से देख नहीं सकती है। ऐसे में उसे इस संबंध में तीन दिन बाद उस समय जानकारी मिली जब लड़की को कोई संक्रमण हो गया। इसके बाद आननफानन में लड़की और बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जच्चा और बच्चा अभी सुरक्षित हैं। बहरहाल, अस्पताल ने किशोर उम्र में लड़की की मां बनने की जानकारी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) को दे दी है। CWC ने इस मामले से पुलिस को अवगत करा दिया है।
पड़ोसी पर लड़की को गर्भवती करने का आरोप
पुलिस के अनुसार लड़की ने बताया है कि 21 साल के उसके एक पड़ोसी ने उसे गर्भवती किया। साथ ही उसने सलाह भी दी कि वह यूट्यूब वीडियो देखकर सीख ले कि बच्चे के जन्म के बाद अंबिलिकल कॉर्ड कैसे काटना है।
पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। सीडब्ल्यूसी ने इस बात पर भी हैरानी जताई है कि बेटी की गर्भावस्था की भनक महीनों तक मां को नहीं लग सकी। यही नहीं, जन्म के दो दिन बाद तक मां को इस बारे में पता नहीं चला।
मलप्पुरम के सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष एडवोकेट शाजेश बस्केर ने कहा कि मां नेत्रहीन है और पिता सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते है। वे हमेशा रात की ड्यूटी पर रहते हैं। बेटी जब कमरे में मोबाइल के साथ बंद थी तो मां ने माना था कि लड़की ऑनलाइन क्लास कर रही है।
पुलिस के अनुसार गर्भावस्था के तीसरे महीने में लड़की ने एक निजी अस्पताल में पेट दर्द की बात कर जांच कराई थी। यहां उसका गैस्ट्राइटिस का इलाज किया गया था। पुलिस ने कहा है कि जांच के लिए अब डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।