कौशांबीः सातवीं कक्षा की छात्रा को घर छोड़ने के बहाने लिफ्ट देने वाले शख्स ने किया दुष्कर्म, बच्ची के बेहोश होने के बाद आरोपी मौके से फरार, किसी तरह अपने घर पहुंची और
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: May 19, 2023 02:41 PM2023-05-19T14:41:43+5:302023-05-19T14:42:32+5:30
अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि लड़की के परिजनों की शिकायत पर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
कौशांबीः कौशांबी जिले के मंझनपुर इलाके में सातवीं कक्षा की एक छात्रा को घर छोड़ने के बहाने लिफ्ट देने वाले एक व्यक्ति ने कथित रूप से उससे दुष्कर्म किया। पुलिस सूत्रों ने कहा कि यह घटना बृहस्पतिवार को हुई जब लड़की (13) को एक व्यक्ति ने स्कूल से घर लौटते समय लिफ्ट दी और एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया।
उन्होंने कहा कि बच्ची के बेहोश होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूत्रों ने कहा कि बाद में वह किसी तरह अपने घर पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जाती है। अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि लड़की के परिजनों की शिकायत पर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
बलिया जिला निवासी एक महिला को शादी का झांसा देकर करीब छह साल तक उसके साथ बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने प्राप्त तहरीर के आधार पर बताया कि भीमपुरा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय महिला ने उभांव थाना क्षेत्र के जमूआंव गांव के रहने वाले बृजेश यादव (27) पर शादी का झांसा देकर 2017 से अभी तक उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि महिला ने जब यादव पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने उसे मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी बिंद कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर गत 16 मई को बृजेश यादव के विरुद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।