झारखंड: पत्थलगड़ी आंदोलन का विरोध करने पर ग्रामीणों ने की 7 लोगों की हत्या, जानें पूरा मामला
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: January 22, 2020 08:10 AM2020-01-22T08:10:24+5:302020-01-22T08:10:24+5:30
आरोप है कि पत्थलगड़ी आंदोलन के समर्थकों ने पत्थलगड़ी का विरोध करने पर पर इनलोगों का अपहरण किया और बाद में जंगल ले जाकर इनकी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में उपमुखिया और अन्य छह ग्रामीण शामिल हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद पत्थलगड़ी को लेकर एक बड़ी घटना सामने आ रही है। खबरों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, पत्थलगड़ी का विरोध करने पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना के बुरुगुलीकेरा गांव में सात लोगों की हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद से गांव में हर कोई सन्न है।
आरोप है कि पत्थलगड़ी आंदोलन के समर्थकों ने पत्थलगड़ी का विरोध करने पर पर इनलोगों का अपहरण किया और बाद में जंगल ले जाकर इनकी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में उपमुखिया और अन्य छह ग्रामीण शामिल हैं।
एनबीटी की खबरों की मानें तो घटना के बाद स्थानीय अधिकारियों ने सात लोगों की हत्या की पुष्टि तो की है लेकिन अब तक उनके मृत शरीर को बरामद करने में पुलिस असफल रही है। इसके साथ ही यह भी जानकारी मिल रही है कि अब तक अपहरण या हत्या से जुड़ी कोई आधिकारिक शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।
इस घटना से पहले गांव में पत्थलगड़ी को लेकर लोगों के बीच बैठक हुई थी। इसी बैठक के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के बाद ही विवाद बढ़ता गया। घटना के बाद कई ग्रामीण नाम नहीं छापने की बात कहकर बताते हैं कि इस हत्या की वजह बैठक के दौरान हुई विवाद से ही है।