झारखंड: प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प, बकोरिया पुलिस छावनी में बदला
By एस पी सिन्हा | Published: October 20, 2018 02:55 PM2018-10-20T14:55:07+5:302018-10-20T14:55:07+5:30
झारखंड के पलामू के चैनपुर थाना इलाके के चांदो और बकोरिया में दशहरा के दिन मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन को लेकर तनाव का माहौल बन गया।
झारखंड के पलामू के चैनपुर थाना इलाके के चांदो और बकोरिया में दशहरा के दिन मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन को लेकर तनाव का माहौल बन गया। दोनों जगहों पर कई वाहनों को जला दिया गया। देर रात मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों में झडप हो गई। इस दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना में मौके पर तैनात चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चैनपुर थाना इलाके के चांदो गांव में दुर्गा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान रूट में बदलाव किए जाने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों गुटों में जमकर झडप हुई और पत्थरबाजी भी की। इस दौरान चार दुकानों को भीड ने आग के हवाले कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उपद्रव रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड ने पुलिसकर्मियों को निशाना बना लिया और पुलिस वालो को ही घायल कर दिया। मामले को लेकर डीसी डॉ।
शांतनु कुमार व एसपी इंद्रजीत महथा ने चैनपुर थाने में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर चांदो व सतबरवा के बकोरिया गांव में दो समुदायों में हुई झडप के मामले की जानकारी दी। डीसी कुमार ने बताया कि मौके पर मजिस्ट्रेट व अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है फिलहाल हालात सामन्य है। एसपी इंद्रजीत महथा ने बताया कि सतबरवा के बकोरिया व चैनपुर के चांदो गांव में धारा 144 लागू की गई है। कई शरारती तत्वों को पुलिस ने चिन्हित किया है, वहीं झड़प में घायल लोगों को सदर अस्पताल भिजवाया है, जबकि घायल पुलिस के जवानों का भी सदर अस्पताल में ही इलाज जारी है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।
पलामू के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आज यह जानकारी दी। उपायुक्त डॉ शांतनु अग्रहरि और एसपी इंद्रजीत महथा ने बताया कि स्थिति से निबटने के लिए रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को आगजनी से नुकसान हुआ है, सभी को मुआवजा मिलेगा। उन्होंने बताया कि चांदो में शुक्रवार की रात हुई झडप में 3 जवान और 3 ग्रामीण घायल हुए हैं। इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीसी और एसपी ने बताया कि चैनपुर के चांदो में 5 ऑटो, एक ट्रैक्टर, 2 बाइक और एक बोलेरो को जला दिया गया। इसके अलावा कई दुकानों और घरों में भी आग लगा दी गई। डीसी और एसपी ने बताया कि तनाव के मद्देनजर प्रशासन की मौजूदगी में चांदो और सतबरवा के बकोरिया में प्रतिमा का विसर्जन कराया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि बकोरिया में हुई घटनाओं को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। बकोरिया मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, चांदो में आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। क्षति के आकलन के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है। पलामू के चांदो और बकोरिया गांव में अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
डीसी डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि, एसपी इंद्रजीत महथा समेत जिले के सभी वरीय अधिकारी चांदो में कैंप कर रहे हैं। बताया जाता है कि विजयदशमी के दिन मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जित करने के लिए ले जाया जा रहा था। चांदो स्कूल के पास दूसरे समुदाय के लोगों ने जुलूस को रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप से लिया और दोनों समुदाय के लोगों ने तोडफोड और आगजनी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही देर रात को ही पुलिस और प्रशासन के वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और अपनी निगरानी में प्रतिमा का शांतिपूर्वक विसर्जन करवाया। हालांकि, स्थिति अब सामान्य है, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन चांदो में निषेधाज्ञा लगा दी है। बताया जाता है कि बकोरिया को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।