झारखंडः जमीन विवाद में दबंगों का दुस्साहस, युवती को जिंदा दीवार में चुनवाने का बर्बर मामला आया सामने

By अभिषेक पारीक | Published: June 6, 2021 01:57 PM2021-06-06T13:57:00+5:302021-06-06T14:28:16+5:30

19 साल की एक लड़की को कुछ ग्रामीणों ने एक दीवार में जिंदा चुनवाने की कोशिश की। इन लोगों का लड़की के पिता के साथ जमीन के एक हिस्से को लेकर विवाद था।

jharkhand people locked girl in room and erected wall in land dispute case | झारखंडः जमीन विवाद में दबंगों का दुस्साहस, युवती को जिंदा दीवार में चुनवाने का बर्बर मामला आया सामने

प्रतीकात्मक तस्वीर

Highlightsएक लड़की को कुछ ग्रामीणों ने दीवार में जिंदा चुनवाने की कोशिश की। लड़की के पिता के साथ जमीन के एक हिस्से को लेकर विवाद था। पुलिस के समय पर पहुंचने से लड़की की जान बन गई।

फिल्म मुगले आजम में अनारकली की कहानी आपको जरूर याद होगी। फिल्म में मुगल बादशाह अकबर अनारकली को दीवार में जिंदा चुनवाने का आदेश देते हैं। सालों पहले की यह कहानी 2021 में भी दोहराई गई है। 19 साल की एक लड़की को कुछ ग्रामीणों ने एक दीवार में जिंदा चुनवाने की कोशिश की। इन लोगों का लड़की के पिता के साथ जमीन के एक हिस्से को लेकर विवाद था। हालांकि सुलेखा कुमारी किसी तरह से बचने में कामयाब रही। 

यह घटना झारखंड के कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र के योगिया टिलहा गांव में हुई। सुलेखा कुमारी को  घर के कमरे में बंद किया गया और फिर बाहर दीवार खड़ी कर दी गई। युवती करीब छह घंटे तक इसी हालत में रही। बाद में पुलिस के पहुंचने पर दीवार को तोड़कर युवती को बाहर निकाला गया। 

गृह प्रवेश कार्यक्रम में गए थे माता-पिता

पुलिस के अनुसार, लड़की के माता-पिता नजदीकी गांव में एक गृह प्रवेश कार्यक्रम में गए थे। जिसका लाभ उठाते हुए शंकर पंडित, विनोद, पंडित, मनोज पंडित, बीरबल पंडित, उषा देवी, गायत्री देवी, मनीषा देवी और सरस्वती देवी उनके घर पहुंचे और गायों की देखभाल में व्यस्त सुलेखा को पकड़ लिया। 

जयनगर पुलिस को दी गई जानकारी

आरोपियों ने सुलेखा को एक कमरे में बंद किया और दरवाजे को बंद करने के लिए वहां दीवार खड़ी कर दी। जब वे लोग दीवार बना रहे थे तो सुलेखा मदद के लिए चिल्ला रही थी। जिसके बाद कई ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए। उनमें से एक ने जयनगर पुलिस को घटना की जानकारी दी। 

पुलिस टीम ने सुलेखा को बचाया

इस दौरान सुलेखा के पिता किशोर पंडित ने भी थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। जिसने सुलेखा को वहां से निकाला और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डाॅक्टर्स ने उसका इलाज किया। 

समय पर पहुंचने से बची जान

पुलिस ने बताया कि यदि समय पर नहीं पहुंचते तो लड़की की जान भी जा सकती थी। लड़की के पिता ने बताया कि वह जमीन विवाद मामले को कोर्ट में जीत चुके हैं, लेकिन विरोधी फैसले को मान नहीं रहे हैं। पुलिस ने कहा कि यह गंभीर मामला है और पुलिस आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।अभी तक एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपी घटना के बाद से ही फरार हैं। 

Web Title: jharkhand people locked girl in room and erected wall in land dispute case

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे