झारखंड: शराब पीने की लत की वजह से 11 पत्नियों ने छोड़ा, 12वीं ने पीने से रोका तो कर दी हत्या
By अंजली चौहान | Published: April 5, 2023 03:48 PM2023-04-05T15:48:56+5:302023-04-05T16:01:21+5:30
मामले का संज्ञान लेते हुए बोकारे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, आरोपी राम चंद्र तुरी को गिरफ्तार कर लिया है।
बोकारो:झारखंड के बोकारो में रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी को शराब पीने से मना करने पर उसे पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। मृतका शख्स की 12वीं पत्नी बताई जा रही है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी राम चंद्र तुरी ने 11 महिलाओं से शादी की थी लेकिन उसके शराब की लत होने के कारण सभी ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद राम चंद्र में अपनी 12वीं पत्नी से शादी की।
रामचंद्र ने 20 साल पहले सावित्री देवी नामक महिला से शादी की थी जिससे उसके चार बच्चे हुए थे। इन बच्चों में से एक हैदराबाद में मजदूरी करता है और बाकी तीन बच्चे घटना वाले दिन शादी समारोह में गए हुए थे।
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी पति ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब वह शराब पीकर घर लौटा था। इसके बाद दोबारा घर में शराब पीने लगा तो उनकी पत्नी सावित्री देवी ने उसे रोका।
इसके बाद उसका पति काफी गुस्से में आ गया। गु्स्से में शराबी पति ने अपनी पत्नी को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। वह बेहोश हो गई लेकिन शख्स पत्नी को पीटता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
जब बच्चे घर लौटे तो उन्होंने अपनी माँ को खून से लतपथ देखा और मदद के लिए चिल्लाने लगे। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
मामले का संज्ञान लेते हुए बोकारे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, आरोपी राम चंद्र तुरी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव को लोगों का कहना है कि मृतका सावित्री शख्स की 12वीं पत्नी थी लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कई और सबूत जुटाने में लगी हुई है।