मध्य प्रदेश में इंदौर एयरपोर्ट पर नर कंकाल मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
By सत्या द्विवेदी | Published: January 25, 2023 11:55 AM2023-01-25T11:55:36+5:302023-01-25T11:55:36+5:30
मध्यप्रदेश के इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में एक अज्ञात नर कंकाल मिला है। इसे करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में एक अज्ञात नर कंकाल मिला है। एयरपोर्ट परिसर में कंकाल मिलने की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया।
एरोड्रम थाने के प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि हवाई अड्डे की चहारदीवारी के पास बिजली से जुड़ा काम कर रहे एक कर्मचारी ने बरसात के पानी की निकासी के लिए बनाए गए गड्ढे में सोमवार रात एक कंकाल देखा और इसके बाद हवाई अड्डे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद 4 फीट के गड्ढे में नर कंकाल पाया गया।
उन्होंने कहा कि, "पहली नजर में कंकाल को देखकर ऐसा लगा जैसे यह कंकाल एक साल पुराना होगा। कंकाल के आस-पास इसकी पहचान का कोई सुराग नहीं मिला है।" थाना प्रभारी ने बताया कि कंकाल को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि वो कंकाल 1 साल से अधिक पुराना हो सकता है। कंकाल को कल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर आगे जानकारी दी जाएगी: संजय शुक्ला, पुलिस प्रभारी, एरोड्रम पुलिस स्टेशन, इंदौर (24.01)
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 25, 2023
हवाई अड्डा परिसर में जिस जगह पर कंकाल मिला है, वहां काफी झाड़-झंखाड़ है और इससे लगे हुए इलाके में जंगली जानवरों का आना जाना बना रहता है। उन्होंने बताया कि कंकाल मिलने के मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने कंकाल को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस जांच में में लगी है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद भी आखिर एयरपर्ट में ये कंकाल आया कैसे।