युवती को बंधक बनाकर दो दिनों तक रेप, तीन साल की बच्ची से नाबालिग ने की छेड़छाड़
By भाषा | Published: November 8, 2018 08:29 PM2018-11-08T20:29:44+5:302018-11-08T20:29:44+5:30
हरियाणा के जींद जिले में ये दोनों घटना हुई है। पुलिस ने इन मामलो में दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
हरियाणा के जींद जिले में सदर थाना नरवाना क्षेत्र में एक युवती को कथित तौर पर बंधक बनाने और उससे दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना नरवाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत चार नवंबर की रात गांव का ही दीपक नामक युवक उसका मुंह दबाकर उसे अपने घर ले गया और उसने छह नवंबर तक उसे अपने घर में बंधक बनाकर रखा तथा दुष्कर्म किया।
आरोपी ने दी थी धमकी
शिकायत में कहा गया कि दीपक ने शोर मचाने तथा किसी को बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। किसी तरह वह उसके चंगुल से भाग निकलने में कामयाब हो गई और परिजनों को घटना के बारे में अवगत कराया।
सदर थाना नरवाना पुलिस ने पीड़िता का सामान्य अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म करने, बंधक बनाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तीन वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
जींद की एक कालोनी में एक किशोर द्वारा तीन वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर किशोर अदालत में पेश किया गया जहां से उसे बोस्टल जेल हिसार भेज दिया गया।
किशोर उसकी बेटी के नाजुक अंगों से छेड़छाड़ कर रहा था
उन्होंने बताया कि यहां की एक कालोनी के निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत छह नवंबर की शाम उसकी बेटी घर से गायब हो गई। बेटी के रोने की आवाज सुनकर जब वह खाली प्लॉट में पहुंचा तो मुहल्ले का ही किशोर उसकी बेटी के नाजुक अंगों से छेड़छाड़ कर रहा था। उसे मौके पर देखकर किशोर मौके से फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला थाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर किशोर के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया है।