दिल्ली: जैतपुर में गृह मंत्रालय के कर्मचारी का मिला शव, शरीर पर मिले चाकू से वार के कई निशान
By भाषा | Published: July 7, 2019 07:55 PM2019-07-07T19:55:05+5:302019-07-07T19:56:29+5:30
दक्षिण पूर्वी दिल्ली के जैतपुर इलाके में केंद्र सरकार में काम करने वाले एक ऑडिटर का शव मिला है। शव पर चाकू से वार के कई निशान मिले। पुलिस ने रविवार को बताया कि मीठापुर के निवासी आनंद सिंह (43) कार्यालय महानिदेशक लेखा परीक्षा केंद्रीय व्यय के रिसीट एंड डिस्पैच विभाग में काम करते थे।
पुलिस को संदेह है कि शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात अपराधियों ने सिंह की हत्या की। अधिकारियों ने बताया कि सिंह के भाई ने उनका शव देखा और शनिवार पांच बजे इस बारे में सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि अपने सहयोगियों से मिलने के बाद वह काम से देर से घर लौटे थे।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर शव पर जख्म के निशान मिले । एक मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उत्तराखंड के रहने वाले सिंह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते थे। उनका छोटा भाई भी साथ में रहता था।