फतेहपुरः 15 साल की लड़की ने छेड़खानी से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खाया, मौत, उलाहना देने पर पीड़ित परिवार को धमकाया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 17, 2021 03:33 PM2021-10-17T15:33:55+5:302021-10-17T15:34:44+5:30
मलवां थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अरविन्द सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव में 15 साल की लड़की ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद शनिवार को इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गयी।
फतेहपुरः फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर छेड़खानी से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खा लिया और उसकी मौत हो गई।
मलवां थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अरविन्द सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 साल की लड़की ने शुक्रवार की देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद शनिवार को इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गयी। उन्होंने लड़की के परिजनों के हवाले से बताया कि शुक्रवार की देर रात 15 वर्षीय किशोरी के साथ गांव के ही एक युवक ने छेड़खानी थी।
इसका उलाहना देने पर आरोपी के परिजनों ने पीड़ित परिवार को धमकाया था, शायद इसी से क्षुब्ध होकर लड़की ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया और शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। सिंह ने बताया कि मृत लड़की के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
उत्तर प्रदेश: महिला ने जहर खाकर आत्महत्या की, पिता ने ससुराल पर उत्पीड़न का आरोप लगाया
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक महिला ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। महिला के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने दहेज के लिये उसका उत्पीड़न किया था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार शाम को हुई। घटना के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जानसठ थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर महिला के पति और उसके परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
महिला के पिता ने शिकायत की थी कि उनकी बेटी की शादी 18 महीने पहले उसकी मर्जी से हुई थी, लेकिन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतक के परिजनों ने ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और उसकी मौत के बाद विरोध प्रदर्शन किया।