दिल्ली: रोहिणी कोर्ट में लैपटॉप बैग में धमाके से अफरातफरी, चार लोग घायल
By विनीत कुमार | Published: December 9, 2021 12:01 PM2021-12-09T12:01:05+5:302021-12-09T12:19:56+5:30
रोहिणी कोर्ट में गुरुवार सुबह अचानक हुए धमाके से अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि धमाका एक लैपटॉप बैग में हुआ।
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में गुरुवार सुबह एक धमाके से अफरातफरी मच गई। धमाका कोर्ट नंबर-2 में हुआ। धमाके में कम से कम चार लोगों के मामूली रूप से घायल होने की खबर है। ये धमाका कैसे हुआ, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
वहीं, अपुष्ट जानकारियों के मुताबिक धमाका एक लैपटॉप बैग में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक सुबह करीब 10.40 बजे संदिग्ध धमाके की जानकारी दी गई। इसके बाद घटनास्थल पर सात अग्निशमन गाड़ियां भेजी गईं। अधिकारियों ने बताया कि अदालत में कार्यवाही निलंबित कर दी गयी है। अभी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इसी साल सितंबर में रोहिणी कोर्ट में गोलीबारी की खबरों ने भी सुर्खियां बटोरी थी। कोर्ट में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की वकील के वेश में आए दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस कार्रवाई में दोनों हमलावर भी मारे गए थे। वहीं, एक महिला वकील के पैर में भी गोली लगी थी।
पुलिस के मुताबिक घटना 24 सितंबर को दोपहर करीब 1.15 बजे हुई जब गोगी को सुनवाई के लिए अदालत कोर्ट संख्या 207 लाया गया और वकीलों पोशाक में आए दो गैंगस्टरों ने उस पर गोलियां चला दीं। वकील सुनील तोमर, जो अपने मुवक्किल की जमानत के मामलों के लिए अदालत कक्ष में मौजूद थे ने कहा कि घटना के समय जस्टिस गगनदीप सिंह की अदालत में 15-17 लोग थे।
तोमर ने बताया, 'जैसे ही गोगी ने अदालत कक्ष में प्रवेश किया, वकीलों के वेश में आए दो व्यक्तियों ने अपनी पिस्तौलें निकालीं और अचानक उस पर गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनने के बाद, लोग अदालत कक्ष के अंदर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। रोहिणी कोर्ट में गोलीबारी की घटनाएं इससे पहले भी हो चुकी हैं।