दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा नकली आईपीएस अधिकारी, लड़की से एक लाख रुपये ठगने का आरोप
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: March 18, 2019 02:06 PM2019-03-18T14:06:17+5:302019-03-18T14:06:17+5:30
दिल्ली पुलिस ने नकली आईपीएस ऑफिसर बनकर ठगी करने के आरोप में रविवार को 30 साल के एक शख्स को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी को रोहिणी से पकड़ा। आरोपी की पहचान राज मल्होत्रा के तौर पर हुई है जो दिल्ली के किरारी में रहता है। पुलिस के मुताबिक राज पुलिस का वर्दी पहनता था, आईपीएस का बिल्ला और नेम प्लेट लगाता था और अपना नाम राज मल्होत्रा लिखवा रखा था।
ठगी का मामला तब सामने आया जब दिल्ली के अमन विहार पुलिस स्टेशन में कुछ दिन पहले एक लड़की ने रिपोर्ट दर्ज की। लड़की के अनुसार शख्स ने 1 लाख रुपये नौकरी दिलाने के नाम पर धोखा दिया। यह शख्स खुद को एसपी बताता था।
पीड़ित लड़की के अनुसार आरोपी शख्स से उसकी मुलाकात एक जिम में हुई। शख्स ने अपनी पहचान एक आईपीएस अधिकारी के तौर पर बताई और इस तरह दोनों दोस्त बन गये। बाद में इस शख्स ने लड़की से अपने प्यार का इजहार किया और साथ ही यह भी बताया कि वह शादी नहीं कर सकता क्योंकि उसे कैंसर है।
यही नहीं, इस शख्स ने अपनी बीमारी का बहाना बनाते हुए यहां तक कहा कि वह मरने से पहले उसे (लड़की को) सरकारी नौकरी करते हुए देखना चाहता है। नौकारी दिलाने के नाम पर उसने लड़की से 1 लाख रुपये भी लिये।
राज मल्होत्रा ने पैसे लेने के बाद मिलना कम कर दिया था। इसी वजह से लड़की ने सोशल मीडिया पर उसे फॉलो भी किया पर वह लड़की को नजरअंदाज करने लगा।
पुलिस ने बताया है कि राज पहले ड्राइवर का काम करता था और इससे पहले जिम में काम करता था। पुलिस का कहना है कि राज मल्होत्रा का पूरा कच्चा चिठ्ठा खंगाला जा रहा है। पुलिस के मुताबिक राज मल्होत्रा 2013 में भी एक बार पकड़ा जा चुका है। उस समय राज नकली सब इंस्पेक्टर बनकर ठगी किया करता था।