12 वर्षीय बेटी का यौन शोषण, पत्नी की शिकायत पर पति अरेस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: January 3, 2022 06:55 PM2022-01-03T18:55:39+5:302022-01-03T18:56:36+5:30
पत्नी ने पुलिस को बताया कि यौन शोषण की घटनाएं 29 दिसंबर को रात करीब आठ बजे और मई 2020 में भी हुई।
चंद्रपुरः महाराष्ट्र में चंद्रपुर जिले की ब्रह्मपुरी तहसील में एक शख्स को अपनी 12 वर्षीय बेटी का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपी शख्स की पत्नी की शिकायत पर उसे तिलकनगर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि यौन शोषण की घटनाएं 29 दिसंबर को रात करीब आठ बजे और मई 2020 में भी हुई। ब्रह्मपुरी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपी शख्स पर बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) कानून और भारतीय दंड संहिता के दुष्कर्म और आपराधिक धमकी के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दलित परिवार पर हमला किया, सात के खिलाफ मामला दर्ज
कर्नाटक के बेलगावी में एक दलित परिवार पर एक समूह ने कथित रूप से हमला कर दिया। समूह का आरोप है कि परिवार पड़ोसियों का ईसाई धर्म में धर्मांतरण करा रहा था। पुलिस ने सोमवार को बताया कि हमले में कथित रूप से शामिल सात लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) कानून और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना 29 दिसंबर को जिले के गोकाक के तालुक मुख्यालय शहर के पास तुक्कनात्ती में हुई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के मुताबिक, समूह घर में घुसा और पांच लोगों के परिवार पर हमला कर दिया जिनमें तीन महिला सदस्य हैं और उनपर लोगों को ईसाई मत में धर्मांतरण कराने की कोशिश करने का आरोप लगाया। सभी पांच लोगों का एक अस्पताल में इलाज किया गया है। एक महिला पर आरोपियों ने गर्म ‘सांबर’ कथित रूप से फेंका था जिससे वह जल गई।