जानिए कौन है बुलंदशहर हिंसा का दुसरा मुख्य आरोपी, भारतीय जनता युवा मोर्चा से कनेक्शन
By भाषा | Published: January 11, 2019 06:34 AM2019-01-11T06:34:48+5:302019-01-11T06:40:50+5:30
पुलिस ने तीन जनवरी को बजरंग दल के स्थानीय नेता योगेश राज को गिरफ्तार किया था। वह भी मामले का एक मुख्य संदिग्ध था। योगेश राज की एक शिकायत पर पुलिस ने गोहत्या को लेकर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की थी।
बुलंदशहर में पिछले महीने एक भीड़ को भड़काने के आरोपी स्थायी भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के सदस्य शिखर अग्रवाल को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिखर अग्रवाल उर्फ शेखर (25) करीब 40 दिनों तक फरार रहा और बुलंदशहर पुलिस ने हापुड़ जिले से लगे एक फ्लाईओवर के नजदीक सुबह करीब 7.20 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बुलंदशहर सिटी) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘हम उससे पूछताछ कर रहे हैं और मामले में आगे बढ़ने के लिए जानकारी एकत्र कर रहे हैं। दिन में उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।’’
श्रीवास्तव ने बताया कि इस गिरफ्तारी के साथ तीन दिसंबर को हुई हिंसा में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़ कर 36 हो गई है। इस हिंसा में दो लोगों की जान गई थी। उन्होंने बताया कि उसी दिन गोहत्या के अलग मामले के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जेल भेजा गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि करीब छह महीना पहले अग्रवाल को भारतीय जनता पार्टी के युवा शाखा बीजेवाईएम के नव गठित स्याना इलाके का प्रमुख नियुक्त किया गया था। छुपे रहने के दौरान सोशल मीडिया में उसका एक कथित पत्र और वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताया था।
गौरतलब है कि बुलंदशहर में तीन दिसंबर को हुई हिंसा में गोली लगने के कारण पुलिस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह (44) मारे गए थे। इस हिंसा में एक आम नागरिक सुमीत कुमार (20) की भी मौत हो गई थी। स्याना इलाके के चिंगरावठी क्षेत्र में कथित गोकशी को लेकर उग्र भीड़ की हिंसा को लेकर स्याना पुलिस थाने में 27 नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने तीन जनवरी को बजरंग दल के स्थानीय नेता योगेश राज को गिरफ्तार किया था। वह भी मामले का एक मुख्य संदिग्ध था। योगेश राज की एक शिकायत पर पुलिस ने गोहत्या को लेकर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि हिंसा के सिलसिले में अब तक 36 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।