दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार, बिहार का रहने वाला है आरोपी
By भाषा | Published: June 24, 2019 09:44 AM2019-06-24T09:44:44+5:302019-06-24T09:44:44+5:30
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को उनके व्यक्तिगत नंबर पर किसी ने एसएमएस के जरिए जान से मारने की धमकी दी है। एसएमएस भेजने वाले ने लिखा है कि वह नेता की हत्या करने के लिए ‘‘विवश’’ है। दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर सांसद मनोज तिवारी को मौत की धमकी दी थी। पुलिस ने बताया, आरोपी की पहचान दिल्ली के महिपालपुर निवासी गुड्डू उर्फ विश्वजीत के रूप में हुई है। वह बिहार के बक्सर का रहने वाला है।
मनोज तिवारी ने कहा कि इस अज्ञात व्यक्ति ने जरुरत पड़ने पर प्रधानमंत्री की हत्या करने की बात भी कही है। उन्होंने पीटीआई..भाषा से कहा, ‘‘मैंने पुलिस को इस खतरे के संबंध में जानकारी दे दी है।’’ हिन्दी में भेजे गए इस एसएमएस में भेजने वाले ने इस बात के लिए माफी मांगी है कि उसे बेहद मजबूरी में तिवारी की हत्या का फैसला लेना पड़ा है। उन्होंने बताया कि तिवारी के निजी फोन पर शुक्रवार दोपहर 12 बजकर 52 मिनट पर यह एसएमएस आया। उन्होंने यह एसएमएस शनिवार की शाम में देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।