सीतामढ़ी में चार मनचलों ने 16 साल की नाबालिग को घर से उठाकर ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, सभी फरार
By एस पी सिन्हा | Published: March 4, 2021 08:34 PM2021-03-04T20:34:42+5:302021-03-04T20:35:47+5:30
बिहार में सीतामढ़ी जिले के परिहार थाना क्षेत्र के एक गांव लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया।
पटनाः बिहार में सीतामढ़ी जिले के परिहार थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।
इस मामले में लड़की के पिता ने परिहार थाने में उन चारों बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना एक मार्च की बताई जा रही है। इसमें चार मनचले उस नाबालिग लड़की को जबरन उठाकर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामला दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने आज पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा।
इस संबंध थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी पुलिस को कोई सफलता हासिल नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लड़की के पिता ने आवेदन में कहा है कि देर रात सभी आरोपी पीड़िता के घर में घुस आए।
उसका मुंह बंद किया और चारों बादमाश लड़की को घर से उठाकर बंसवारी में ले गए, जहां चारों ने उसके साथ बारी-बारी से उसे साथ दुराचार किया। फिर पीड़िता को उसके घर के पास छोड़ गए। पीड़िता ने परिवार को आपबीती सुनाई। मामले को लेकर गांव में अगले दिन पंचायत भी हुई।
लेकिन, आरोपितों ने पंचायती नहीं मानी। पंचायती के बाद चारों आरोपित गांव छोड़ भाग निकले। उन चारों की पहचान राजा कुमार, गुंजेश कुमार, मिश्रीलाल एवं नंदन कुमार के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया है।