बिहार: सीवान में इंसानियत हुई शर्मसार, भीड़ ने महिला को निर्वस्त्र करके पीटा, पुलिस ने बचाई जान
By एस पी सिन्हा | Published: November 29, 2022 07:56 PM2022-11-29T19:56:28+5:302022-11-29T20:00:23+5:30
बिहार के सीवान में सदर अस्पताल के पास एक महिला पर मोबाईल चोरी के शक में गुस्साई भीड़ ने इंसानियत की सारी हदों को पार करते हुए पहले तो उसकी पिटाई की और फिर उसे निर्वस्त्र भी कर दिया।
पटना: बिहार के सीवान से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां गुस्साई भीड़ ने इंसानियत की सारी हदों को पार करते हुए मोबाइल चोरी के आरोप में एक महिला को निर्वस्त्र करके बुरी तरह से पिटाई कर दी। घटना सीवान सदर अस्पताल के गेट के पास हुई है। इसमें महिला से चेन और मोबाइल छीनकर भाग रही महिला चोर को लोगों ने धर दबोचा।
पहले तो लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और बाद में उसे बीच बाजार निर्वस्त्र कर दिया। इस दौरान आरोपी महिला भीड़ से माफ कर देने की गुहार लगाती रही लेकिन हिंसक भीड़ ने महिला की एक नही सुनी। प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्वस्त्र होने के बाद महिला ने भागने की भरसक कोशिश की लेकिन हैवान हो चुकी भीड़ ने महिला को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
वहीं घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोग मारपीट और अभद्रता का वीडियो बनाने में मशगूल रहे। जबकि अन्य कुछ लोग चुपचाप तमाशबीन बनकर सब कुछ देख रहे थे। महिला खुद को बेगुनाह बताती रही, लेकिन लोगों को उसपर दया नहीं आई और लोगों ने उसे जमकर पीटा।
इसके बाद जिस लड़की का चेन और मोबाइल चोरी हुआ था, उसने बीच सड़क पर आरोपी महिला के सारे कपडे उतार फेंकी। उसकी साड़ी खोलकर उसे एक पेड़ में बांध दिया। वारदात के दौरान मौके पर दर्जनों लोगों की भीड़ थी। लेकिन किसी ने भीड़ के इस कुकृत्य को रोकने की कोशिश नहीं की बल्कि लोग महिला को ठीक सजा देने की बात कह रहे थे।
मामले की सूचना जब नगर थाना पुलिस को मिली, तो घटना स्थल पर पुलिस फौरन पहुंची और महिला को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ थाने ले गई। वारदात सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस संबंध में नगर थाना प्रभारी ने बताया कि भीड़ के कब्जे से महिला को छुड़ा लिया गया है।
इस संबंध में थाने का कहना है कि अभी तक महिला या किसी अन्य की ओर से किसी तरह का कोई आवेदन नहीं मिला है और घटना के बारे में किसी तरह का आवेदन मिलता है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।